मोदी-योगी राज में बनेगा राम मंदिर: जनमेजयशरण
वृंदावन के बड़ा खटला स्थित भगवान वरदराज भगवान के वार्षिक प्रतिष्ठा महोत्सव में पहुंचे संत जनमेजयशरण श्रीराम मंदिर पर बेबाकी से बोले।
आगरा(जागरण संवाददाता): श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण न्यास के अध्यक्ष रसिक पीठाधीश्वर जनमेजयशरण ने कहा है कि संत भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण की पूरी उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण होकर रहेगा। वृंदावन के बड़ा खटला स्थित भगवान वरदराज भगवान के वार्षिक प्रतिष्ठा महोत्सव में बुधवार को पहुंचे संत जनमेजयशरण श्रीराम मंदिर पर बेबाकी से बोले। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर सरकार भी संजीदा है। उन्हें भरोसा है कि अदालत का निर्णय हमारे हक में आएगा। भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण के लिए जो मौका इस समय देश के पास है, वह दोबारा कभी नहीं आएगा। केंद्र और राज्य सरकारें भी यही चाहती हैं और इस ओर कार्य के लिए प्रयासरत भी हैं। केंद्र सरकार की वजह से ही मुस्लिम समुदाय भी मंदिर निर्माण के हक में आगे आया है। सुन्नी और सिया भी अब श्रीराम मंदिर निर्माण के पक्ष में हमारे साथ खड़े हैं। न्यास के अध्यक्ष ने आगे कहा कि चुनाव और राजनीति अलग- अलग बातें हैं। इनको मंदिर निर्माण से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। श्रीराम मंदिर निर्माण का मामला देश की करोड़ों करोड़ जनता की आस्था से जुड़ा है, इसलिए अदालत और सरकार उसके पक्ष में निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि अब तक जो सरकारें केंद्र और प्रदेश में बनी उन्होंने कभी हिंदुओं की आस्था के बारे में नहीं सोचा। मंदिर निर्माण के मसले से सरकारें सदैव ही बचती रहीं लेकिन वर्तमान की सरकारों ने मंदिर निर्माण को सरोकार की तरह लिया है। अब तक किये प्रयासों से हमारी आस और प्रबल हुई है।