विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ACP Agra के गले लग फफक पड़ीं बुजुर्ग महिला, बेटे जैसा दिखा अपनापन; साड़ी देख हुईं खुश

By Rajpratap Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 06:26 PM (IST)

एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम का दौरा किया, जहां एक बुजुर्ग महिला उन्हें बेटे समान देख ...और पढ़ें

रामलाल वृद्धाश्रम में एसीपी हरीपर्वत के गले लग रोतीं बुजुर्ग महिला।

रामलाल वृद्धाश्रम में एसीपी हरीपर्वत के गले लग रोतीं बुजुर्ग महिला।

HighLights

  1. एसीपी हरीपर्वत ने आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम का दौरा किया।

  2. एसीपी ने बुजुर्गों को फल और साड़ियां भेंट कीं।

जागरण संवाददाता, आगरा। नवरात्र चल रही हैं। देवी मां की आराधना घर-घर हो रही है। कुछ ऐसे भी परिवार हैं, जो अपनी मां को अपने साथ नहीं रख सके। वृद्धाश्रम में छोड़ आए। हालांकि वहां दूसरे बुजुर्गों का साथ है। तन्हाई खलती नहीं। लेकिन फिर भी परिवार की याद सालती रहती है। ऐसे ही एक बुजुर्ग महिला ने सामने एसीपी हरीपर्वत को देखा तो जैसे बेटे का अक्स नजर आ गया। महिला एसीपी के गले लगकर फफक उठीं।

सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में बुधवार को सेवा, सम्मान एवं संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। मिशन शक्ति अभियान के तहत एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बुजुर्गों से मुलाकात की तो बुजुर्ग भावुक हो गए। एसीपी ने बुजुर्गों को गले लगाकर अपनत्व का अहसास कराया और उन्हें फल वितरित किए। अपनत्व और भावुक पलों को देख लोगों की आंखें गीली हो उठीं। एसीपी ने वृद्ध महिलाओं को साड़ियां भेंट कीं।

एसीपी बजरंग प्रसाद ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल महिलाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की प्रत्येक महिला, विशेषकर वृद्ध एवं निराश्रित माताओं को सम्मान, सुरक्षा और अपनत्व प्रदान करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

रामलाल वृद्धाश्रम व गोशाला के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा ने कहा कि नवरात्र पर वृद्ध माताओं का सम्मान करना सच्ची देवी आराधना का प्रतीक है। थाना सिकंदरा प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी मौजूद रहे।