Breaking: प्रमुख शिक्षण संस्थान की छात्रा मरियम टॉम्ब में हुई बेहोश, दुष्कर्म की सनसनी Agra News
थाना न्यूआगरा क्षेत्र के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान की छात्रा। सहेलियों ने भर्ती कराया अस्पताल में।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा क्षेत्र में ऐतिहासिक स्मारक मरियम टॉम्ब में शहर के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान की छात्रा बुधवार को बेहोशी की हालत में मिली है। बताया यह जा रहा है कि वहांं किसी युवक ने नशीला पदार्थ खिलाकर उससे दुष्कर्म किया, इससे छात्रा की हालत बिगड़ गई। हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल में आला पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं।
सिकंदरा क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवती थाना न्यूआगरा के अंतर्गत प्रमुख शिक्षण संस्थान की छात्रा है। बताया जा रहा है कि बुधवार को दोपहर में वह दो सहेलियों के साथ मरियम टॉम्ब गई थी। वहाँ पर आये युवक ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद उसके साथ गलत हरकत की। इससे छात्रा की हालत बिगड़ गई। उसकी सहेलियां पास के किसी अस्पताल में लेकर गईंं। जहां हालत गंभीर देखते हुए अस्पताल ने उसे एसएन इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया। एसएन इमरजेंसी में आने के बाद पीड़िता को महिला विभाग में भर्ती कराया गया है। किसी मरीज ने पुलिस को सूचना दी कि एक दुष्कर्म की पीड़िता यहां आई है। सूचना आते ही पुलिस हरकत में आ गई। आइजी ए. सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और एसपी समेत थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। छात्रा अभी बेहोशी की हालत में है। आइजी ने बताया छात्रा की सहेलियों से आरोपित के बारे में जानकारी की जा रही है।
कई सवाल अनसुलझे
शहर में दुष्कर्म की सनसनी फैलने से हड़कंप मचा है। हालांकि अभ्ाी कई सवाल अनसुलझे हैं। मरियम टॉम्ब में दिनभर अच्छी खासी चहल पहल रहती है। दुष्कर्म होने के दौरान छात्रा की सहेलियों ने विरोध क्यों नहीं जताया? स्मारक में मौजूद अन्य लोगों की नजर कैसे नहीं पड़ी? यदि युवक अपरिचित था तो उसके हाथ से नशीले पदार्थ लेकर सेवन क्यों किया गया? इन सभी सवालों का जवाब छात्रा के होश में आने पर ही मिल पाएगा।