रुक नहीं रहे आधी आबादी संग अपराध, शहर में सरेराह हो गईंं ये वारदात Agra News
एत्मादौला क्षेत्र में दुष्कर्म और ताजगंज क्षेत्र में हुई छेड़छाड़ की घटना।
आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र में युवक ने किशोरी से दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता द्वारा स्वजनों को घटना की जानकारी देने पर थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। वहींं दूसरा मामला ताजगंज क्षेत्र का है, रिक्शा से स्कूल जा रही छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपित को पुलिस ने दबोच लिया।
सूबे में भले ही धारा 144 लागू हो। अपराधियों का अंकुश लगाने का दावा किया जा रहा लेकिन आधी आबादी अभी सुरक्षित नहीं है। शुक्रवार काेे दो अलग- अलग क्षेत्रों में हुईं वारदातों ने महिला सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी। एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी किशोरी को युवक फैज़ान ने गुरुवार को बहाने से अपने घर पर बुलाया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी किसी को नहीं देने की धमकी दी थी। किशोरी ने शुक्रवार को स्वजनों को बताया तो वह थाने पहुंचे।
दूसरा मामला ताजगंज क्षेत्र का है। 21 वर्षीय छात्रा को तुलसी चबूतरा ताजगंज निवासी सोनू राठौर कई महीने से परेशान कर रहा था। छात्रा की शादी भी तय हो चुकी है। सोनू ने 22 जनवरी को छात्रा को रास्ते मे रोक लिया। उससे छेड़छाड़ करने लगा। रिक्शे से खींचने की कोशिश करने पर छात्रा ने विरोध किया। आरोपित उसे धमकी देने लगा। छात्रा ने स्वजनों से शिकायत कर दी। उनकी रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने शुक्रवार आरोपित को गिरफ़्तार कर लिया।
बच्चों के विवाद में घर में घुसकर महिलाओं से
कासगंज के थाना सहावर के ग्राम बढ़ारी कला में बच्चों को लेकर हुए विवाद में नामजदों ने घर पर हमला बोल दिया। घर में घुसकर गर्भवती महिला व उसकी सास के साथ मारपीट की। पुलिस ने घायल महिलाओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। पीडित पक्ष ने दो नामजद सहित आधा दर्जन के विरुद्ध तहरीर दी है। गांव बढ़ारी कला निवासी भगवान दास व कन्हैया लाल के बच्चों के बीच खेल-खेल में विवाद हो गया। बच्चों के विवाद में बड़े भी आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्हैया लाल अपने स्वजनों व अन्य साथियों के साथ भगवानदास के घर में घुसा और गर्भवती रमा देवी व उसकी सास के साथ मारपीट की। पुलिस ने घायल महिलाओं को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। भगवानदास ने कन्हैया लाल सहित दो को नामजद करते हुए आधा दर्जन के विरुद्ध तहरीर दी है। नबावगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेशचंद्र ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गर्भवती महिला के पेट में चोट बताई गई है, उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया है।