आगरा में खेल मंत्री बोले, सोना लेकर आओ बदले में छह करोड़ ले जाओ
खेल मंत्री की घोषणा, ओलंपिक में पदक जीतने वालों को मिलेगा करोड़ों में इनाम। पदक विजेताओं को मिलेगी सरकारी नौकरी और आजीवन पेंशन।
आगरा: विश्व खेलों में उत्तर प्रदेश का योगदान लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खेलों में अपनी धाक जमा रहे हैं। पदक जीत कर ला रहे हैं। यह समूचे देश के लिए गौरव की बात है। देश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए 11 सरकारी विभागों में नौकरियां उपलब्ध कराई जाएंगी। जिनमें से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को द्वितीय श्रेणी की नौकरी मिलेगी। आगरा को खेल जगत की नई सौगात देने के साथ ही बड़ी घोषणाएं की खेल मंत्री चेतन चौहान ने। शनिवार को एकलव्य स्टेडियम में बने देश के पहले फाइव ए साइड हॉकी एस्ट्रोटर्फ का लोकापर्ण करने के लिए खेल मंत्री आगरा आए थे। इस दौरान खेल मंत्री ने कहा कि अधिकांश खिलाड़ी खेलों में भाग लेने के कारण पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते, ऐसे में ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई के लिए खिलाडि़यों को चार साल दिए जाएंगे। इसके बाद उन्हें सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। नौकरी के अलावा खिलाडि़यों को उनके ग्रेड के हिसाब से 20 हजार रुपये तक की पेंशन आजीवन दी जाएगी।
एशियन गेम्स पदक विजेताओं को मिलेगा इनाम
खेल मंत्री ने कहा कि अभी हाल में हुए एशियन गेम्स में प्रदेश के 44 खिलाडि़यों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से आठ खिलाड़ी मेडल जीत कर लाए।एशियन गेम्स में भाग लेने वाले प्रदेश के सभी खिलाडि़यों को पांच- पांच लाख रुपये और स्वर्ण विजेता को 50 लाख, रजत पदक विेजेता को 30 लाख और कांस्य पदक विजेता को 20 लाख रुपये दिए जाएंगे।
ओलंपिक में पदक जीतकर खिलाड़ी पा सकेंगे करोड़ों
खेल मंत्री ने एस्ट्रोटर्फ के लोकापर्ण के समय घोषणा की कि ओलंपिक में पदक जीतकर लाने वाले खिलाडि़यों को करोड़ों में इनाम दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में स्वर्ण लाने वाले को छह करोड़, रजत लाने वाले को चार करोड़ और कांस्य पदक विजेता को दो करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। खेल विभाग की कोशिश रहेगी कि आने वाले वक्त में ज्यादा से ज्यादा भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक खेलों में पदक जीतकर लाएं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और प्रशिक्षण खिलाडि़यों को दिया जाएगा। इस दिशा में प्रयास शुरु कर दिए गए हैं। देश में पांच एक्सीलेंसी सेंटर शुरु करने की तैयारी की जा रही है।
स्टेडियम में लगेगी एकलव्य की प्रतिमा
आगरा के सांसद और एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष प्रो रामशंकर कठेरिया एकलव्य स्टेडियम में एकलव्य की भव्य प्रतिमा लगवाने की मांग कर रहे थे। इसके लिए नगर निगम को प्रस्ताव भेजने की तैयारी चल रही थी। शनिवार को एस्ट्रोटर्फ के लोकापर्ण के मौके पर खेल मंत्री चेतन चौहान ने स्टेडियम में जल्द एकलव्य की भव्य प्रतिमा लगवाने की घोषणा कर दी।