ऊर्जा मंत्री ने लिया कांग्रेस अध्यक्ष को निशाने पर, बोले राफेल पर फूटा राहुल के झूठ का गुब्बारा
कांग्रेस घटिया राजनीति पर उतरी। आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा देगी जवाब।
आगरा, जेएनएन। राफेल पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने भी कांग्रेस को घेरा। सीधे तौर पर बोले कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल पर बोले गए झूठ का गुब्बारा फूट चुका है। उनका यह बयान स्थानीय स्तर पर तीन राज्यों में बनी कांग्रेस की सरकार से जुड़ी खीझ से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
भाजपा द्वारा निकाली गई कमल संदेश यात्रा के समापन अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। जुबली पार्क स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित समारोह में ऊर्जा मंत्री ने विकास कार्यों को गिनाया और राहुल गांधी को हेराल्ड मामले में पांच सौ करोड़ रुपये का चोर बताते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आते ही राहुल गांधी के झूठ के गुब्बारा भी फूट गया।
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि देश में समस्याओं का अंबार जिन लोगों ने खड़ा किया था। उनको मोदी-योगी सरकार दूर कर रही है। आम जनता की तकलीफें दूर करने के कार्यों को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। वह सरकार को बदनाम कर रही है। राहुल गांधी पर घटिया स्तर की राजनीति लगाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगना के चुनाव में झूठे गठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया। छतीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ करने का झूठा वायदा करके कांग्रेस आ गई, लेकिन वहां के किसानों के कल्याण के लिए हमारी सरकार ने पहले ही कई योजना लागू कर रखी हैं। उन्होंने राहुल गांधी को इटली का अध्यक्ष बताते हुए कहा कि इसलिए ही वह न्याय व्यवस्था पर पर सवाल उठा रहे हैं। दुनिया के पटल पर भारत को सम्मान दिलाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के आंख दिखाने के बावजूद भी ईरान से कच्चा तेल खरीद कर दिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में वित्त मंत्री रहे पी चिदम्बरम कभी भी जेल जा सकते हैं, जबकि उनका बेटा जेल में है।