Taj Mahotsav: मीत ब्रदर्स, नीति मोहन, हेमंत ब्रजवासी के संग झूमेंगे दर्शक Agra News
शिल्पग्राम में 18 से 27 फरवरी तक होगा ताज महोत्सव। प्रमुख कलाकारों के कार्यक्रम आयोजन समिति ने तय किए।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताज महोत्सव में मुख्य मंच पर इस बार मीत ब्रदर्स, नीति मोहन और हेमंत ब्रजवासी का धमाल देखने को मिलेगा। दर्शक उनके संग सुरों से सुर मिलाते और झूमते नजर आएंगे। ताज महोत्सव आयोजन समिति ने मुख्य कलाकारों के कार्यक्रम तय कर दिए हैं।
ताज महोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम में 18 से 27 फरवरी तक होगा। महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1992 में हुई थी। तब से प्रतिवर्ष (2007 व 2012 को छोड़कर) महोत्सव फरवरी में हो रहा है। ताज महोत्सव आयोजन समिति ने महोत्सव में प्रतिदिन रात आठ बजे से होने वाले मुख्य कार्यक्रम तय कर दिए हैं। मुख्य आकर्षण निजामी ब्रदर्स की कब्बाली, मथुरा के हेमंत ब्रजवासी, गायिका नीति मोहन और मीत ब्रदर्स रहेंगे। 23 को मुशायरा और 26 को कवि सम्मेलन आकाशवाणी द्वारा कराया जाएगा।
पहले दिन रामायण पर आधारित प्रस्तुति
महोत्सव का पहला दिन भक्ति के नाम रहेगा। पं. मुरारी लाल शर्मा द्वारा ब्रज की होली, चरकुला व मयूरी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद सत्य समर्पण संस्था द्वारा रामायण पर आधारित सांस्कृतिक संध्या सजेगी। हालांकि, महोत्सव में इस बार कॉमेडी का तड़का नहीं लगेगा।
सबसे महंगे मीत ब्रदर्स
ताज महोत्सव में इस बार सबसे महंगी मीत ब्रदर्स की बॉलीवुड नाइट होगी। इसके लिए उन्हें करीब 17 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। नीति मोहन को 15.2 लाख रुपये, हेमंत ब्रजवासी को 4.5 लाख रुपये, आरुषि पोखरियाल निशंक को दो लाख रुपये, निजामी ब्रदर्स को दो लाख रुपये, मोहम्मद अमन को 75 हजार रुपये दिए जाएंगे।
ताज महोत्सव में यह हैं मुख्य कार्यक्रम
तिथि, कलाकार व कार्यक्रम
18 फरवरी, संस्था सत्य समर्पण की रामायण पर आधारित सांस्कृतिक संध्या
19 फरवरी, निजामी ब्रदर्स की कब्बाली
20 फरवरी, सारेगामा फेम मोहम्मद अमन द्वारा उपशास्त्रीय या सूफी गायन
21 फरवरी, आरुषि पोखरियाल निशंक द्वारा भगवान शिव पर आधारित नृत्य नाटिका
22 फरवरी, रीयलिटी शो स्टार नाइट: हेमंत ब्रजवासी
23 फरवरी, आकाशवाणी द्वारा मुशायरा
24 फरवरी, नीति मोहन
25 फरवरी, भोजपुरी नाइट: सुरेश कुशवाहा
26 फरवरी, आकाशवाणी द्वारा कवि सम्मेलन
27 फरवरी, बॉलीवुड नाइट: मीत ब्रदर्स
एसओएस केयर करेगी साज-सज्जा
महोत्सव में साज-सज्जा का ई-टेंडर इस बार एसओएस केयर इंडिया, दिल्ली को मिला है। उसने करीब 75 लाख रुपये का टेंडर भरा था। पूर्व में वो तीन बार महोत्सव में यह काम कर चुकी है। पांच कंपनियों ने ई-टेंडर भरा था, जिनमें से एक का प्रजेंटेशन सही नहीं रहा था।