आगरा: बल्केश्वर में टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, इलाके में छाया काले धुएं का गुबार
आगरा के बल्केश्वर स्थित एक टेंट गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, आगरा। कमला नगर के बल्केश्वर में बुधवार दोपहर टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम सें उठती विकराल लपटों को देख आसपास के लोगों में अफरातफरी और दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग को काबू करने के प्रयास में जुटी हैं। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
बल्केश्वर के किशन नगर में रवि टेंट वालों की श्रीराम टेंट के नाम से कंपनी है। जिसका गोदाम में उन्होंंने यहां पर बना रखा है। बताया जाता है कि गोदाम में टेंट से संबंधित माल भरा हुआ था। जिसमें शार्ट सर्किट की चिंगारी से आग लग गई। आग ने पूरा गोदाम कुूछ ही देर में चपेट में ले लिया। विकराल लपटें निकलने लगीं, टेंट गोदाम परिसर में ही 360 डिग्री इवेंट के नाम कंपनी बनी हुई है।
जिसमें छोटे आयोजनों के लिए टेंट लगा हुआ था। गोदाम और इवेंट कंपनी के टेंट दोनों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। विकराल लपटों के चलते गोदाम परिसर से लगे मकानाें में रहने वालों में अफरातफरी और दहशत फैल गई। लोगों ने अपने घरों की छतों से आग पर पानी डालकर उसे काबू करने का प्रयास किया।
मौके पर फायर ब्रिगेड की दाे गाड़ी पहुंच गईं, उन्होंने आग को परिसर से बाहर फैलने से रोकने के बाद उसे पूरी तरह से बुझाने का प्रयास कर रही हैं। अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगना बताया गया है।
