विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस में लगी भीषण आग, चालक की समझदारी से बची दो दर्जन यात्रियों की जान

Published: Mon, 04 May 2026 07:40 AM (IST)

लखनऊ से गुरुग्राम जा रही मन्नत ट्रैवल्स की बस में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आग लग गई। चालक की सूझबूझ से ...और पढ़ें

HighLights

  1. लखनऊ-गुरुग्राम बस में एक्सप्रेसवे पर लगी आग

  2. चालक ने 22 यात्रियों की जान बचाई सूझबूझ से

  3. यात्रियों का सामान जला, कोई जनहानि नहीं हुई

जागरण संवाददाता, आगरा। लखनऊ से गुरुग्राम जा रही मन्नत ट्रैवल्स की बस में लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में सुबह चार बजे लगी आग। बस के पिछले टायर में लगी आग थोड़ी देर में ही बस में फैल गई।

खेरागढ़ के रहने वाले चालक हरेंद्र वीर ने बस रोक ली और उसमें सवार 22 यात्रियों को उतारने के बाद खुद भी उतर गए। कुछ समय में ही बस लपटों में घिर गई। चालक की समझदारी से यात्रियों की जान बच गई, लेकिन उनका सामान बस में ही जल गया।

bus aag

आग से जली बस।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में मौजूद तीन फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तेज हवा के चलते आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया और काबू पाना मुश्किल हो गया।

एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर पाया काबू

इसी बीच चौकी इंचार्ज नदौता अनुज कुमार नागर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे यात्रियों और यूपीडा प्रशासन ने राहत की सांस ली। सभी यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

बस को रास्ते से हटवाया

आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में ओवरटेकिंग लेन से सुचारू रूप से चालू करा दिया गया। बस के पूरी तरह ठंडा होने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया।

यह भी पढ़ें- बागेश्वर में भारी बारिश: गर्म कपड़ों में दिखे लोग, फसलें हुईं बर्बाद; किसानों परेशान