बाजार रहे लेडीज फुल, जगह नहीं बची बिल्कुल
करवाचौथ की शॉपिंग के लिए बाजार हुए गुलजार साड़ी से लेकर कॉस्मेटिक की दुकानों पर लगी भीड़
आगरा, जागरण संवाददाता।
एक चांद सामने होगा, दूसरा चांद आसमान में होगा। दोनों चांद के लिए महिलाओं की शॉपिंग चरम पर है। शहर के बाजारों में इन दिनों सिर्फ महिलाएं ही दिख रही हैं। साड़ियों और कॉस्मेटिक की दुकानें फुल हैं।
गुरुवार को करवा चौथ है। महिलाएं इस समय बहुत ज्यादा व्यस्त हैं। साड़ी खरीदने से लेकर कॉस्मेटिक का सामान लेने तक खुद ही बाजार के चक्कर लगा रही हैं। बुटीक और टेलर्स भी इस समय फुल चल रहे हैं। पार्लर पर भी महिलाएं अपना ओवर ऑल पैकेज लेने के लिए पहुंच रही हैं। राजामंडी और सुभाष बाजार दिखा फुल
करवाचौथ की शॉपिंग के लिए महिलाएं आज भी पुराने बाजारों को पसंद करती हैं। राजामंडी और सुभाष बाजार की साड़ी और सूटों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ बाजार खुलते ही दिखने लगी। वैसे तो महिलाएं पूजा के समय पहनने वाली साड़ी पहले ही खरीद चुकी हैं। अब अपने पति द्वारा दी जाने वाली गिफ्ट की साड़ी की खरीददारी हो रही है। कुछ महिलाएं रेडीमेड सूट भी पसंद कर रही हैं। मेहंदी लगाने की लगी होड़
करवाचौथ पर अपने पति के नाम की मेहंदी लगवाना तो हर सुहागन के लिए शगुन होता है। कमलानगर, राजामंडी, सुभाष बाजार, सदर, बल्केश्वर, बोदला आदि बाजारों में मेहंदी लगाने वालों पर महिलाएं सुबह से ही पहुंचने लगीं। कुछ महिलाओं ने पार्लर पर भी बुकिंग कराई है तो कुछ ने मेहंदी लगाने वाली को अपने घरों पर ही बुला लिया है। चीनी के करवे भी बिके
करवाचौथ की पूजा के लिए मिंट्टी के करवे, चीनी के करवे, कथा का कैलेंडर, सींख आदि भी खरीदे। कॉस्मेटिक की दुकानें रहीं फुल
लुहार गली हो या राजामंडी, हर बाजार में कॉस्मेटिक की दुकानों पर महिलाओं की जमकर भीड़ रही। अपने सजने के लिए भी सामान लिया तो सुहाग पिटारी के लिए भी सामान खरीदा।