Deepawali 2020: सज गए आगरा के बाजार, आज से जागी 500 करोड के व्यापार की उम्मीद
Deepawali 2020 कारोबारियों को करीब 500 करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद। देर रात तक बाजार में होती रही तैयारी। गुरुवार को पूरी रात गुलजार रहेंगे बाजार। बर्तन से लेकर कपड़ाें और आभूषणाें की दुकानों पर रहेगी दीपावली की भीड़।
आगरा, जागरण संवाददाता। धनतेरस के लिए बाजार सज चुका है। व्यापारियों ने पूरी तैयारी कर ली है। नवरात्र के बाद बाजार में आई रौनक ने व्यापारियों को राहत दी है। इलेक्ट्रोनिक्स बाजार, आटोमोबाइल, बुलियन, कपड़ा बाजार सहित सभी बाजार धनतेरस के लिए पूरी तरह से तैयार है। बाजार में उमड़ी भीड़ के कारण अब व्यापारियों को धनतेरस पर धन वर्षा की आस है। धनतेरस पर 500 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। धनतेरस के लिए बाजार में देर रात तक तैयारी चलती रही।
एलईडी बनी पहली पसंद
इलेक्ट्रोनिक बाजार में इस बार एलईडी और स्मार्ट टीवी की मांग सबसे ज्यादा है। इसके बाद लोग फ्रिज, कंप्यूटर, लैपटॉप, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेब आदि इलेक्ट्रोनिक सामानों को घर लाने की तैयारी में है। इस बाजार में दुकानदारों के साथ कंपनियों ने भी ग्राहकों के लिए डिस्काउंट के साथ में एक्सचेंज आफर दे रही हैं। धनतेरस पर करीब 30 हजार एलईडी बिक्री का अनुमान है।
बुकिंग पूरी, डिलीवरी की तैयारी
धनतेरस पर सोने-चांदी के बाद वाहन खरीदना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। लिहाजा सबसे ज्यादा खरीदारी दो और चार पहिया वाहनों की ही होगी। धनतेरस के लिए कार बाजार में पहले ही बुकिंग हो चुकी है। अब डिलीवरी देने की तैयारी है। धनतेरस पर करीब एक हजार कार की डिलीवरी होनी है। वहीं, तीन हजार दो पहिया वाहनों की बिक्री का अनुमान है।
सराफा बाजार में चमक
धनतेरस पर सबसे ज्यादा इसी बाजार में खरीदारी की उम्मीद है। सोने चांदी के सिक्के के साथ मूर्तियां और बर्तन शगुन के तौर पर ख्ररीदे जाते हैं। इसके अलावा धनतेरस पर ही शादी वाले घरों में आभूषणों की खरीदारी की जाती है। इस बार लोग डायमंड ज्वेलरी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। सराफा कारोबारियों को धनतेरस पर 150 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।