धांधूपुरा की जमीन को लेकर निगम से एमजी रोड तक हुआ बवाल
तोड़फोड़, सहायक नगरायुक्त से अभद्रता पर भड़के कर्मचारी, प्रदर्शनकारियों और कर्मचारियों में चले लात-घूंसे व डंडे, खदेड़े प्रदर्शनकारी, एमजी रोड पर धुना राष्ट्रीय बजरंग दल नेता, महिलाओं से धक्का-मुक्की, ढाई घंटे रखा जाम
आगरा, जागरण संवाददाता। धांधूपुरा में सरकारी जमीन को लेकर गुरुवार दोपहर नगर निगम से एमजी रोड तक घंटों बवाल हुआ। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और निगम कर्मचारियों में जमकर लात-घूंसे व डंडे चले। अधिकारी से अभद्रता और दफ्तर में तोड़फोड़ की गई। कर्मचारी प्रदर्शनकारियों को खदेड़ते हुए एमजी रोड तक लाए। यहां पर उनके नेता को धुन दिया, महिलाओं से धक्का-मुक्की की। ढाई घंटे तक जाम लगाए रखा।
धांधूपुरा में नगर निगम की तमाम जमीन है। 3300 वर्गमीटर में गीले कूड़े से खाद बनाने का प्लांट प्रस्तावित है। पिछले दिनों निगम की टीम ने ये जमीन खाली कराई थी। जमीन पर दो दर्जन लोगों का कब्जा था। गुरुवार सुबह 11 बजे राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग संयोजक गोविंद पाराशर, मनीष, राहुल की अगुवाई में तीन दर्जन महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग नगर निगम पहुंचे।
प्रदर्शनकारी पर्यावरण अभियंता राजीव राठी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मेयर नवीन जैन, नगरायुक्त अरुण प्रकाश को अपशब्द कहे। वित्त अधिकारी पवन कुमार सहित अन्य को ज्ञापन देने से इन्कार कर दिया। सहायक नगरायुक्त अनुपम शुक्ला ने ज्ञापन लिया। प्रदर्शनकारी सहायक नगरायुक्त से अभद्रता करते हुए उनके पीछे-पीछे चलते हुए दफ्तर तक पहुंच गए। यहां पर दो कुर्सियां तोड़ दीं। इस पर निगम कर्मचारी भड़क गए।
निगम कार्यालय के तीन गेटों पर ताला जड़ एक गेट से कार्यकर्ताओं को बाहर जाने को कहा। इस पर प्रदर्शनकारियों और कर्मचारियों में लात-घूंसे व डंडे चलने लगे। कर्मचारियों ने इन्हें खदेड़ दिया।
प्रदर्शनकारी आगे और कर्मचारी पीछे दौड़ रहे थे। एमजी रोड पर प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे गोविंद पाराशर और अन्य को घेर पिटाई करने लगे। महिलाओं से धक्का-मुक्की की। पुलिस ने जैसे-तैसे गोविंद को छुड़ाकर थाने पहुंचाया।
मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने एमजी रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही करीब ढाई घंटे बाद कर्मचारियों ने जाम खोला।
पुलिस के सामने भी हंगामा
निगम कार्यालय में प्रदर्शनकारी पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा करते रहे। सहायक नगर आयुक्त से अभद्रता करते रहे। एमजी रोड पर जाम लगाए निगम कर्मियों ने तो एएसपी अभिषेक कुमार और इंस्पेक्टर हरीपर्वत महेश चंद्र की बात भी नहीं मानी।
तीन नामजद गिरफ्तार, भेजे जेल
इंस्पेक्टर हरीपर्वत महेश चंद्र गौतम ने बताया कि गोविंद पाराशर, राहुल, मनीष पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, तोड़फोड़, लोक व्यवस्था भंग करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तीनों नामजदों को जेल भेज दिया गया।