पेट्रोल चोरी के आरोपी अरबपति मनोज गोयल गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गोयल का बहुत बड़ा बिजनेस है जो उन्होंने कथित रूप से चोरी के पैसों से खड़ा किया है।
आगरा (जागरण संवाददाता)। तेल चोरी कर कथित रूप से अरबों रुपये कमाने वाले मनोज गोयल को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मथुरा से आज गिरफ्तार कर लिया है। गोयल के खिलाफ मथुरा में पेट्रोलियम और पाइपलाइन एक्ट समेत सार्वजनिक संपत्तियों के नुकसान की रोकथाम विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार गोयल का बहुत बड़ा बिजनेस है जो उन्होंने कथित रूप से चोरी के पैसों से खड़ा किया है। गोयल फिरोजाबाद स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा आगरा में भी उनके कई होटल भी हैं। गोयल के खिलाफ तेल पाइपलाइन से पेट्रोल और डीजल चुराने के आरोप में कई केस दर्ज हैं। वह आगरा के नेहरू नगर के रहने वाले हैं। गोयल पर आगरा पुलिस ने 100 करोड़ की तेल चोरी का आरोप लगाया था।
कई हजार करोड़ की अचल संपत्ति के मालिक और तेल के काले कारोबार के खिलाड़ी मनोज गोयल दशकों से रिफाइनरी के अधिकारियों की सांठ-गांठ से कई तरह के गोरखधंधों में लिप्त थे। गौरतलब है पुलिस मनोज को पकड़ने के लिए कई दिनों से कोशिश में लगी हुई थी लेकिन उनके हाथ सफलता नहीं लग पा रही थी।
यह भी पढ़ें: जीएनडीयू के वीसी का बेटा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार, जेल भेजा