Firozabad News: बाइक सवार युवक को दिनदहाड़े गोली मारी, भाभी के पिता की हत्या में दो साल तक जेल में था
जिस युवक को गोली मारी गई वो भाभी के पिता की हत्या में दो साल तक जेल में रहा था। घायल युवक ने भाभी के भाइयों पर आरोप लगाया है। ये मामला संपत्ति बंटवारा को लेकर बताया जा रहा है। पुलिस ने जांच शुरू की है।
आगरा, जागरण टीम। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के सिरसागंज क्षेत्र में एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। इटावा की अदालत में हत्या के मुकदमे की तारीख कर घर लौटते बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड को बाइक सवार हमलावरों ने हैवतपुर पुल के पास हाईवे पर गोली मार दी। गोली पेट के पास लगी थी।
लहूलुहान गार्ड को पुलिस सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची। वहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। भाभी के पिता की हत्या मामले में घायल और उसके तीन स्वजन के खिलाफ मुकदमा चल रहा है।
तारीख से लौट रहा था
मूल रूप से इटावा, सैफई के गांव झींगूपुर निवासी अवधेश कुमार (32) पुत्र रामवीर सिंह सपरिवार शिकोहाबाद क्षेत्र में बालाजी मंदिर के पास किराए के मकान में रहते हैं। वह शिकोहाबाद के एक रेस्टोरेंट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं।
अवधेश की भाभी पूजा देवी के पिता लाखन सिंह की हत्या 2018 में हुई थी। मामले में अवधेश, उनके पिता रामवीर सिंह समेत चार स्वजन के खिलाफ हत्या का मुकदमा इटावा की अदालत में चल रहा है। दो साल जेल में रहने के बाद अवधेश करीब पांच माह पहले जेल से रिहा हुआ था। इसी मुकदमे की तारीख कर वह दोपहर 1.15 बजे बाइक से शिकोहाबाद लौट रहे थे।
बाइक पर आए युवकों ने मारी गोली
आरोप है हैवतपुर पुल के पास पीछे से बाइक पर आए उनकी भाभी के दाे भाई समेत कुछ युवकों ने गोली मार दी। 15 दिन पहले एक हमलावर ने धमकी दी थी। इंस्पेक्टर सिरसागंज शिव कुमार चौहान ने बताया कि अवधेश अपनी भाभी पूजा के पिता की हत्या के मामले में नामजद है। गोली मारने का आरोप पूजा के भाइयों पर लगाया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
दो साल पहले अवधेश के भाई की हुई थी मौत
घायल ने बताया कि दो साल पहले उनके बड़े भाई ललित कुमार की हत्या हुई थी। आरोप है उनके ससुरालीजनों ने ही हत्या की थी। घायल और उसकी भाभी पूजा देवी के बीच संपत्ति बंटवारे का विवाद चल रहा है।