दरक रहे रिश्ते, परेशान युवक और विवाहिता ने जान दी
सदर में पत्नी के उत्पीड़न से परेशान था युवक तो न्यू आगरा में पति से कहासुनी पर महिला ने उठाया कदम
आगरा (जेएनएन): सदर में पत्नी के उत्पीड़न से क्षुब्ध युवक और न्यू आगरा में पति से कहासुनी पर पत्नी ने खुदकशी कर ली।
सदर के नगला परसौती निवासी प्रमोद पुत्र दाऊजी राम की शादी दो साल पहले रानी से हुई थी। वह शादी के कुछ महीने बाद ही प्रमोद को परेशान करने लगी। परिजनों के अनुसार रानी दो सप्ताह से मायके में थी। सोमवार को उसके परिजन प्रमोद के पास आए। उसे भला-बुरा कहते हुए अभद्रता करने लगे। पत्नी के घर नहीं लौटने और ससुराल वालों के व्यवहार से वह क्षुब्ध था। मंगलवार सुबह शव कमरे में छत पर लगे हुक से लटका मिला। परिजनों ने उसकी मौत का जिम्मेदार पत्नी और ससुराल वालों को ठहराया।
उधर, न्यू आगरा के नगला बूढ़ी निवासी 30 वर्षीय बेबी पत्नी प्रेम सिंह का शव भी सुबह फंदे पर लटका मिला। दंपती की शादी दस साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। सोमवार को पति-पत्नी में कहासुनी हो गई थी। पति के मजदूरी पर जाने के बाद बेबी ने खुदकशी कर ली।
नाले में मिली फैक्ट्री श्रमिक की लाश
आगरा: सिकंदरा के फैक्ट्री एरिया में मंगलवार सुबह श्रमिक की लाश नाले में मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
ताजगंज के नगला तलफी निवासी 25 वर्षीय भारत सिकंदरा क्षेत्र की एक कंपनी में श्रमिक था। वह फैक्ट्री परिसर में ही रहता था। पिता पप्पू भी इसी कंपनी में चालक हैं। मंगलवार सुबह नाले में फैक्ट्री से कुछ सौ मीटर दूर उसकी लाश पड़ी देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के सिर में चोट के निशान थे। उसकी जेब से मिले कागजों में मोबाइल नंबर पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी हत्या करके लाश को नाले में फेंकने की आशंका जताई। इंस्पेक्टर सिकंदरा अजय कौशल ने बताया मामले की जांच की जा रही है। श्रमिक की मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम कराया है।