संघ की भगवामय मकर संक्रांति से भाजपा के लिए बनेगा चुनावी माहौल, जानिये कैसे
हर गांव में लगाई जाएगी संघ की शाखा। भाजपा के लिए चुनावी माहौल बनाने की कोशिश।
आगरा, जेएनएन: मकर संक्रांति उत्सव कहने को तो आरएसएस हर साल मनाता है मगर इस बार कुछ अलग ही तैयारियां की जा रहीं हैं। अब की बार हर गांव में शाखा लगेगी और सामाजिक समरसता का कार्यक्रम होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं की टीमें तैयार की जा रहीं हैं। जिन्हें गांवों में मकर संक्रांति के दिन यानि 14 जनवरी को भेजा जाएगा। न्याय पंचायतों में संघ ने मंडल विस्तारकों को पहले से ही भेज रखा है। इस योजना पर 140 सदस्यीय टीम काम कर रही हैं।
संघ के परंपरागत कार्यक्रमों में से मकर संक्रांति उत्सव एक है। इस दिन गणवेशधारी स्वयंसेवक शाखाओं पर एकत्रित होते हैं और खिचड़ी भी पकाई जाती है। पिछले कई वर्षों से इस कार्यक्रम को आरएसएस सामाजिक समरसता के रूप में मनाता आ रहा है। इस बार विशेष योजना बनाई गई है, जिसके पीछे का मकसद संघ शाखा विस्तार बता रहा है, लेकिन सच यह है कि जिस समय संघ की शाखाएं जनपद की सभी ग्राम पंचायतों पर लगेंगी, उस समय माहौल चुनावी होगा। ऐसे में साफ है कि चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में करने के लिए यह कवायद की जा रही है।
संघ ने एक महा अभियान के तहत शाखाएं बढ़ाने की योजना बनाई है। इससे पहले सभी न्याय पंचायत केंद्रों को मंडल मानते हुए आरएसएस ने एक- एक विस्तार हर केंद्र पर भेजा है। हर विस्तारक के साथ एक सहयोगी भी दिया गया है। इस तरह से 140 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की टीम इन दिनों गांवों में काम कर रही है। किस गांव में कौन शाखा लगाएगा और गांव के किन लोगों को बुलाया जाएगा, इसके लिए सूचियां भी तैयार की जा रहीं हैं। शाखाओं पर खिचड़ी बनाने की भी व्यवस्था की जाएगी, जिसे बंटवाया जाएगा। संघ के जिला प्रचारक विशाल का कहना है कि मकर संक्रांति उत्सव हर साल मनाया जाता है, लेकिन इस बार इसे विस्तार दिया जा रहा है। आरएसएस की ताकत गांवों में निरंतर बढ़ रही है।