Mainpuri News: मैनपुरी में देर रात सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव की कार में कंटेनर ने मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा, देखें वीडियो
Mainpuri News मैनपुरी में रविवार देर रात समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव की मारुति ब्रीजा में कंटेनर ने जोरदार टक्कर मारी। रोकने के बावजूद कंटेनर कार को 500 मीटर तक अपने साथ घसीटता रहा। मौके पर जुटे लोगाें ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया है।
आगरा, जागरण टीम। मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव की कार को रविवार देर रात एक कंटेनर ने जोरदार टक्कर मारी और रोकने के बावजूद कंटेनर कार को 500 मीटर तक अपने साथ घसीट ले गया। सपा कार्यकर्ताओं ने इसे साजिशन हमला करार दिया है।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव इस दौरान कार खुद चला रहे थे। आसपास खड़े लोगाें ने दौड़कर कंटेनर चालक को पकड़ लिया है। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
कार को घसीटकर ले जाता कंटेनर।
रविवार रात करीब सवा दस बजे सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव पार्टी कार्यालय से घर लौट रहे थे। शहर में भदावर हाउस के पास एक कंटेनर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। जिलाध्यक्ष के अनुसार, उन्होंने अपनी कार को एक तरफ हटाने का प्रयास किया, तभी कंटेनर चालक ने फिर से उनकी कार में टक्कर मार दी और कार को काफी दूर घसीट ले गया।
कंटेनर चालक को पकड़ने के लिए दौड़ते लोग।
घटना के समय वह खुद कार ड्राइव कर रहे थे। करहल चौराहे के पास एक ट्रक के सड़क पर आने पर चालक को अपना कंटेनर रोकना पड़ा। इसी दौरान आसपास के लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह ने बताया कि सड़क हादसे का मामला है। वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने इसे साजिशन हमला करार दिया है।
#WATCH उत्तर प्रदेश: मैनपुरी में एक ट्रक ने सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव की कार को करीब 500 मीटर तक घसीटा।
एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया, "पुलिस द्वारा तत्काल ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया। चालक इटावा का रहने वाला है। संपूर्ण पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।" pic.twitter.com/qtfQcnph1A— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 8, 2022
बाइक सवार भी आए चपेट में
जिस समय कार को कंटेनर ने अपनी चपेट में लिया, उसी समय कार के आगे एक बाइक पर गांव रठेरा निवासी जुगल और राघवेंद्र सवार होकर चल रहे थे। कंटेनर के कार में टक्कर मारने के बाद बाइक भी चपेट में आ गई। बाइक, कार के आगे फंस चुकी थी। यानि बाइक और कार को कंटेनर घसीटते हुए ले गया। बाइक सवार युवकाें के चोटें आईं हैं।
कंटेनर चालक इटावा का
मौके पर भीड़ ने कंटेनर का चालक दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। रात में इसे हरियाणा का निवासी बताया जा रहा था, सुबह पुलिस पूछताछ में पता चला है कि ड्राइवर इटावा का रहने वाला है।