25 मिनट में दिनदहाड़े शहर में दो लूट से फैली सनसनी, लुटेरे फरार
न्यू आगरा क्षेत्र में हुईं दोनों सनसनीखेज वारदात। खंदारी में रिटायर्ड दारोगा और कमला नगर में व्यापारी के परिजनों को तमंचा तानकर बनाया बंधक।
आगरा, जागरण संवाददाता। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने 25 मिनट में लूट की दो वारदात कर पुलिस को कड़ी चुनौती दी। पहली वारदात मऊ रोड स्थित कालिंदी पुरम में रिटायर्ड दारोगा के घर की तो दूसरी हाईवे से सटी कमला नगर में व्यापारी के यहां। दोनों वारदातों को एक ही तरीके से अंजाम दिया गया। व्यापारी ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भीड़ में चकमा दे गए।
पहली वारदात शनिवार दोपहर 3.20 बजे की है। खंदारी के कालिंदी पुरम निवासी रिटायर्ड दारोगा जितेंद्र कुमार गौतम पत्नी राजकुमारी के साथ मथुरा में शादी समारोह के लिए निकले थे। तभी उनके घर में दो लुटेरे गेट खोलकर घुस गए। घर में मौजूद बेटी श्वेता गौतम, एक वर्षीय धेवता कान्हा और बेटे दीपक को तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया। कान्हा को गोली मारने की धमकी भी दी। पूरे घर को खंगाला, कुछ नहीं मिला तो श्वेता के गहने उतरवाकर 12 मिनट में ही भाग गए।
दूसरी वारदात बदमाशों ने 3.50 बजे कमला नगर में हाईवे पर स्थित जैविक खाद व्यापारी संदीप गुप्ता के घर में की। संदीप बेटी रिया को कोचिंग से लेने गए थे। तभी दो लुटेरे घर में घुस गए। व्यापारी की पत्नी ऋतु ने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने धक्का मारकर खोल लिया। इसके बाद तमंचा तानकर ऋतु, 14 वर्षीय बेटे यश और नौकरानी मीना को बीमार मां उमा के कमरे में बंधक बना लिया। व्यापारी के पहुंचने पर उन्हें भी बंधक बना लिया। बेटी रिया ने बाहर की ओर दौड़ लगा दी। इस पर लुटेरे ऋतु से गहने उतरवाकर भाग गए। इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा अजय कौशल ने बताया कि पुलिस ने दोनों ही घटनास्थल को मुआयना किया है। लुटेरों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। उसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। बदमाश दोनों जगह से कितना माल लूट ले गए हैं, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।