घर में पैक हो रही थी अंग्रजी शराब, एक गिरफ्तार
दो साथी भाग निकले बरहन पुलिस को मिली सफलता
जागरण टीम, आगरा। घर में सस्ती को महंगी शराब की बोतलों में पैक किया जा रहा था। बरहन पुलिस के छापामार कार्रवाई के दौरान भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो लोग भाग निकले। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित संतोष निवासी मुहल्ला खेड़ा, बरहन है। वह अपने घर पर शराब की बोतलों को पैक कर रहा था। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह सस्ती शराब खरीदकर उन्हें महंगी बोतलों में डालकर बिक्री कर देते हैं। पुलिस को मौके से पांच पेटी अंग्रेजी शराब, शराब की खाली शीशियां, ढक्कन आदि बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से फरार होने वाले अनिल और छोटू के बारे में पता लगाया जा रहा है। मैक्स की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत, बेटा घायल
जागरण टीम, आगरा। बेकाबू मैक्स की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। उनका 14 वर्षीय बेटा घायल हो गया। पुलिस ने घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया है। नगला कदम, डौकी निवासी 35 वर्षीय बंटू पुत्र विद्याराम रविवार को अपने 14 वर्षीय बेटे नंदकिशोर के साथ बाइक से फतेहाबाद जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सिकरारा गांव के अंडरपास के समीप सामने से तेज गति से आ रही मैक्स ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में बंटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदकिशोर घायल हो गया। वहीं हादसे के बाद चालक मैक्स छोड़कर भाग निकला। बेगम के छह दिन बाद दरगाह के पूर्व सज्जादानशीं का निधन
जागरण टीम, आगरा। फतेहपुर सीकरी में सूफी संत हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह के पूर्व सज्जादानशीं मियां खुर्शीद अलीम चिश्ती का रविवार सुबह निजी अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें तीन दिन पूर्व बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 26 अप्रैल को उनकी बेगम का भी निधन हो गया था। वहीं क्षेत्र के प्रमुख कपड़ा व्यवसायी नेमी चंद गोयल और अधिवक्ता राजेंद्र नाथ उर्फ राजू पाराशर का भी निधन हो गया। बाह में समाजसेवी के निधन पर शोक
जागरण टीम, आगरा। समाजसेवा व सामाजिक कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेने वाले प्रथम पुरा गांव निवासी कालीचरन वर्मा का 55 वर्ष की उम्र में शनिवार रात निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने पर स्वजन आगरा के अस्पताल में ले गए थे। वहां इलाज नहीं मिलने पर फीरोजाबाद ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। क्षेत्र के बैजनाथ वर्मा, महेश वर्मा, डा. शिव सिंह वर्मा, राम सिंह आजाद, आदि ने दुख जताया।