UP Weather 2019: हल्की बारिश ही दे गई उमस से राहत, शाम हुई खुशनुमा Agra News
आगरा और मैनपुरी में हुई बारिश। उमस और पसीने से लोग बेहाल। शाम को चली ठंडी हवा।
आगरा, जेएनएन। सितंबर का दूसरा सप्ताह है और बारिश का दौर खत्म होने को है। इस समय धूप एकदम तीखी है और उमस बहुत ज्यादा। पसीना बहाते-बहाते लोग परेशान हो चुके हैं। गुरुवार को दोपहर में एकदम से मौसम का रुख बदला। मैनपुरी में झमाझम बारिश हुई तो वहीं आगरा में कुछ क्षेत्रों में हल्की बरसात हुई। इसने बड़ी राहत दी। बारिश के बाद शाम को हवा ठंडी चलने लगी।
आगरा में सोमवार से बारिश पर ब्रेक लगा हुआ था। दोपहर में धूप तेज रहने से उमस भी बहुत ज्यादा है। हालांकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है लेकिन उसके बावजूद लोग गर्मी की वजह से परेशान हैं। रात के वक्त जरूर राहत मिल रही है। बाहरी इलाकों में अब हल्की ओस भी देखने को मिल रही है। गुरुवार को भी सुबह से ही धूप तेज थी और उमस बढ़ी हुई। दोपहर करीब तीन बजे दयालबाग, कमलानगर समेत कुछ हिस्सों में आधा घंटा बरसात हुई। इधर मैनपुरी में भी दोपहर दो बजे के करीब झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार तक बारिश की संभावना है।