आंबेडकर विवि में NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा Agra News
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कर रहा था वामपंथी छात्र संगठनों को बैन कराने की मांग।
आगरा, जागरण संवाददाता। डॉ. बीआर आंबेडकर विवि में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) और एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं के बीच तकरार होने पर पुलिस ने एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को चोट आई हैं।
शनिवार दोपहर को अभाविप कार्यकर्ता जेएनयू प्रकरण में वामदलों पर बैन लगाने की मांग को लेकर विवि परिसर में धरना दे रहे थे। अभाविप कार्यकर्ताओं के विरोध में एनएसयूआइ कार्यकर्ता भी विवि पहुंच गए। यहां पर पहले से पुलिस तैनात थी। पहले तो दोनों ओर से नारेबाजी होती रही। इसी बीच अभाविप और एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने के बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आंबेडकर प्रतिमा के पास आ गए और नारेबाजी करने लगे। उनको देख एनएसयूआइ कार्यकर्ता भी आ गए। दोनों ओर से जमकर नारेबाजी होने लगी। देखते ही देखते दोनों संगठन के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और तकरार होने लगी। मामला बढ़ते देख पुलिस ने एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। भगदड़ में एनएसयूआइ का एक कार्यकर्ता अंकुश गौतम गिरा पड़ा। पुलिस ने उसको जमकर पीटा। इससे वह बेहोश हो गया। साथी को बचाने आए कार्यकर्ताओं को पुलिस पीटा। लाठीचार्ज में एनएसयूआइ के गौरव शर्मा, ललित त्यागी, सतीश सिकरवार, बिलाल अहमद और अपूर्व को चोटें आई हैं।
घसीटते हुए ले गई पुलिस
लाठीचार्ज में बेहोश हुए कार्यकर्ता को पुलिस घसीटते हुए ले गए। साथी छात्र पुलिस को ऐसे ले जाने से रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी।
एक तरफा कार्रवाई का आरोप
एनएसयूआइ ने पुलिस पर अभाविप के इशारे पर एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अभाविप द्वारा उनके साथ हाथपाई की गई, इसके बाद भी पुलिस ने उनको ही पीटा।
अभाविप ने लगाया झंडे फाडऩे का आरोप
अभाविप के महानगर मंत्री अनिल चौधरी का आरोप है कि एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने संगठन के झंडे को फाडऩे का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। बमुश्किल कार्यकर्ता विवि से जान बचाकर भागे। इसको लेकर थाना हरीपर्वत में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी गई है।