कृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास के अध्यक्ष देव मुरारी बापू हिरासत में, चौथी वसूली की हुई थी शिकायत
मथुरा में पड़ोस में रहने वाली महिला ने कराई थी देव मुरारी बापू के खिलाफ अभद्रता और चौथ वसूली की रिपोर्ट दर्ज। इस पर आचार्य देव मुरारी ने दी थी आत्महत्या की धमकी। नाटकीय अंदाज में बुधवार सुबह हिरासत में लिए गए कथावाचक।
आगरा, जागरण टीम। श्री कृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास के अध्यक्ष आचार्य देव मुरारी बापू को पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने मुकदमा दर्ज होने को लेकर पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था और दोपहर बाद आत्महत्या की धमकी दी थी।
वृन्दावन निवासी देव मुरारी बापू के खिलाफ तीन अगस्त को पड़ोस की महिला ने घर मे घुसकर अभद्रता करने और दस लाख की चौथ मांगने की तहरीर दी थी। इसमे पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार को देव मुरारी बापू समेत तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जबकि देव मुरारी बापू ने पुलिस पर परेशान करनेका आरोप लगाया था। उन्होंने कहा है कि छह दिसंबर को वह वृन्दावन से शाही मस्जिद ईदगाह तक पदयात्रा निकालना चाहते हैं, इसलिए पुलिस ने झूठी रिपोर्ट दर्ज की। बुधवार को देव मुरारी ने दोपहर दो बजे अपने उत्पीडन के खिलाफ आत्महत्या करने की धमकी दी थी।पुलिस ने वृन्दावन स्थित घर से देव मुरारी बापू को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी वृन्दावन अजय कौशल ने बताया कि देव मुरारी को हिरासत मे ले लिया गया है।
श्री कृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट भी करा चुका है मुकदमा
आचार्य देव मुरारी बापू कर खिलाफ करीब डेढ़ वर्ष पूर्व श्री कृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट ने भी मुकदमा दर्ज कराया था। ट्रस्ट के सचिव कपिल शर्मा ने देव मुरारी बापू पर ट्रस्ट से मिलता जुलता नाम से संगठन बनाने का आरोप लगाया था।