Events in Agra: आनलाइन शिक्षण की सत्यता की जांच को लेकर संघर्ष समिति का पैदल मार्च आज, जानिए और क्या होगा आगरा में खास
Events in Agra आज गुरुवार है। एक तरफ सावन में बारिश की झड़ी लगी है तो वहीं दूसरी ओर विभिन्न आयोजनों की लड़ी भी लगी है। शहर में कोविड के नियमों का पालन करते हुए विभिन्न आयोजन होंगे। आइये जानते हैं आज के खास कार्यक्रम।
आगरा, जागरण संवाददाता। यूपी बोर्ड शिक्षक और शिक्षक बचाओ संघर्ष समिति गुरुवार को पैदल मार्च निकालेगी। यह पैदल मार्च प्रतापपुरा स्थित रानी अवंतीबाई की प्रतिमा से शुरू होकर मंडलायुक्त कार्यालय पर जाकर संपन्न होगा।
इसके बाद संघर्ष समिति आनलाइन शिक्षण कार्य की सत्यता की जांच प्रशासनिक अधिकारियों से कराने की मांग उठाएगी। पैदल मार्च सुबह 11 बजे शुरू होगा।
जैन संतों की लगेगी धर्मसभा
चातुर्मास में आगरा दिगंबर जैन संतों का सानिध्य पाकर अभिभूत हो रही है। इस समय चार मंदिरों में जैन मुनियों का प्रवास हो रहा है। छीपीटोला स्थित निर्मल सदन में मुनिश्री वीर सागर के प्रवचन सुबह साढ़े आठ बजे से होंगे। वहीं बल्केश्वर, गंगे गौरी बाग स्थित चंद्र प्रभु दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य आदित्य सागर महाराज के प्रवचन सुबह साढ़े आठ बजे से होंगे। वहीं न्यू राजामंडी कालोनी स्थित महावीर भवन में आचार्य ज्ञान चंद्र महाराज के प्रवचन भी सुबह साढ़े आठ बजे। जबकि हरीपर्वत स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के शांतिसागर सभागार में मुनिश्री प्रणम्य सागर व मुनिश्री चंद्र सागर के मंगल प्रवचन सुबह नौ बजे से आयोजित होंगे, जिसमें वह श्रद्धालुओं को धर्म का मर्म समझाएंगे।
घट व कलश यात्रा
छीपीटोला स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से गुरुवार को सुबह सात बजे सिद्धचक्र महामंडल विधान की घट यात्रा निकाली जाएगी, जो निर्मल सदन तक जाएगी।
वहीं श्रावण के पावन महीने में जगत कल्याण के उद्देश्य से श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन आगरा कैंट स्थित जितेश्वर महादेव मंदिर पर किया जाएगा। गुरुवार को दोपहर 12 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, उसके बाद पं. लोकेश कृष्ण शास्त्री व्यासपीठ से कथावाचन करेंगे।
सम्मान समारोह
माथुर वैश्य हरियाली समिति गुरुवार को ढ़ाकरान स्थित पंखुरी रेस्टोरेंट में एक सम्मान समारोह का आयोजन करेगी। इसकी शुरुआत शाम साढ़े पांच बजे होगी।