Events in Agra: शिवपाल यादव आज आगरा में, स्कूलों में मनाया जाएगा संविधान दिवस, जानिए और क्या है आगरा में खास
Events in Agra आज गुरुवार है। सुबह से मौसम तरबतर कर रहा है। इन सभी के बीच आज शहर में संविधान दिवस मनाया जाना है। वहीं फतेहाबाद रोड स्थित होटल में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव पत्रकारों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा शहर में बैठके होंगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम कराने की तैयारी की है। शुरूआत सुबह 11 बजे संविधान की उद्देशिका के पाठन से होगी। वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल ङ्क्षसह यादव भी सुबह आगरा पहुंचेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों में संगोष्ठी, भाषण व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संविधान भिज्ञ वक्ता का उद्बोधन रखा जाए। संविधान में उल्लिखित मौलिक कर्तव्य, महात्मा गांधी, डा. भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों से विद्यार्थियों को अवगत करा उन्हें अपनाने को प्रेरित किया जाए। सभी कार्यक्रमों में कोरोना सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए।
शिवपाल यादव आगरा में
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को ताजनगरी आएंगे। उनका कई जगह स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह फतेहाबाद रोड स्थित गोपिका रेस्टोरेंट में दोपहर दो बजे पत्रकारों से वार्ता करेंगे।
शिविर का उद्घाटन
पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर का उद्घाटन गुरुवार को दोपहर 12 बजे खंदारी कैंपस स्थित जेपी सभागार में किया जाएगा।
निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति गुरुवार को सिकंदरा स्थित दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. (डीवीवीएनएल) कार्यालय पर निजीकरण नीति के विरोध में दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक प्रदर्शन करेगी।
होगी बैठक
एक दिसंबर को प्रस्तावित शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान को लेकर मंडलायुक्त अनिल कुमार की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे के मंडलायुक्त सभागार में बैठक होगी।
वहीं पेयजल व्यवस्था को लेकर जल संस्थान महाप्रबंधक शाम चार बजे से अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक करेंगे।
डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक गुरुवार को सुबह साढ़े 11 बजे से पालीवाल पार्क कैंपस स्थित बृहस्पति भवन में होगी।