सरेशाम हत्या के बाद फिर घटनास्थल पर पहुंचा था हत्यारोपित, ये था इरादा Agra News
गुटखा खाने के बहाने मौसेरे भाई को भी ले गया था साथ। घर पहुंचकर खाया खाना रात को आराम से सोया और सुबह निकला था बरेली।
आगरा, जागरण संवाददाता। वाटरवर्क्स जैसे भीड़ वाले इलाके में सरेशाम कपड़ा व्यापारी को गोली मारने वाला हत्यारोपित मैदा व्यापारी हत्या करने के बाद भी घबराया नहीं। गुस्से में व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपित ने बहुत ठंडे दिमाग से काम लिया। कार बदलकर वह मौसेरे भाई के साथ घटनास्थल पर गया। सुबह जगने के बाद वह आसानी से शहर छोड़कर चला गया। गिरफ्तार होने के बाद भी उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। बल्केश्वर के युवा कपड़ा व्यापारी राहुल अग्रवाल की हत्या गोली मारकर हत्या करने वाले मैदा व्यापारी राजीव अग्रवाल को वारदात के बाद कोई हड़बड़ी नहीं थी। वह पहले अपने घर पहुंचा। वहां घटना में इस्तेमाल की अपनी मारुति बलेनो कार छोड़ दी। इसके बाद मौसेरे भाई के पास पहुंच गया। वहां से गुटखा खाने की कहकर उसे साथ वाटर वर्क्स चौराहा तक ले गया। वह घटनास्थल पर वहां तक भी गया, जहां पुलिस जांच को खड़ी थी। उसे वहां तक जाने में भी डर नहीं लगा। पुलिस के इर्द-गिर्द घूमता रहा। इसके बाद वह अपने घर चला गया।
रात को घर में सोने के बाद सुबह दस बजे वह घर से अपनी दूसरी कार हुंडई की क्रेटा लेकर निकल गया। समय से पुलिस को उसके बारे में जानकारी मिल गई और बरेली पहुंचते ही उसे दबोच लिया गया।
उसने मुझे धक्का मारा, मैंने गोली मार दी
कपड़ा व्यापारी की हत्या के बाद राजीव अग्रवाल के चेहरे पर कोई अफसोस या मलाल के भाव नहीं थे। उसका कहना था कि वह एक्टिवा लेकर आ रहा था। सामने आकर टकरा गया। मैंने उससे कहा कि देखकर नहीं चल सकता तो वह गाली देने लगा। एक बार मैं गाड़ी में बैठकर जाने लगा। वह दोबारा आकर भिड़ गया। उसने धक्का दिया इसलिए मैंने उसको गोली मार दी।