दो माह तक जीवनी मंडी-वाटरवर्क्स रोड पर चलेंगे हल्के वाहन
48 दिनों के बाद शुक्रवार सुबह दस बजे खुली रोड 25 से बंद होगी यमुना किनारा रोड की एक लेन
आगरा, जागरण संवाददाता। जीवनी मंडी-वाटरवर्क्स रोड पर दो माह तक भारी वाहन नहीं चलेंगे सिर्फ हल्के वाहनों को चलने की अनुमति होगी। 48 दिनों के बाद बुधवार सुबह दस बजे से रोड को खोल दिया गया। वहीं 25 अक्टूबर से यमुना किनारा रोड की एक लेन बंद होगी।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से ताजगंज तक 1200 एमएम की नई लाइन बिछाई जा रही है। यह कार्य तीन चरण में हो रहा है। पहले चरण में जीवनी मंडी-वाटरवर्क्स रोड पर पांच सितंबर को काम चालू हुआ था। तीस सितंबर तक नई पानी की लाइन बिछनी थी लेकिन कार्य धीमी गति से हुआ और यह 20 अक्टूबर तक पूरा हुआ। इसके बाद नई लाइन की टेस्टिंग की गई। 22 अक्टूबर की शाम को टेस्टिंग खत्म हुई। बुधवार सुबह दस बजे रोड पर ट्रैफिक का संचालन शुरू हो गया। वहीं 25 अक्टूबर से जीवनी मंडी पुलिस चौकी के सामने से लेकर वेदांत मंदिर तक दूसरे चरण का कार्य शुरू होगा। यह एक माह तक चलेगा। आगरा स्मार्ट सिटी लि. के एक अधिकारी ने बताया कि 1200 एमएम की लाइन बिछाई जाएगी। वहीं एक लेन की खोदाई चालू होने से यमुना किनारा रोड पर जाम लगने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।