अंबानी और अडानी पर पूरी भाजपा सरकार न्यौछावर, जनता हो गई मजबूर: जयंत चौधरी
रालोद उपाध्यक्ष बोले गठबंधन की सरकार बनी तो जनता को मजबूत करेंगे। सौंख रोड स्थित गांव उस्फार में हुआ पार्टी का सम्मेलन।
आगरा, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि गठबंधन की सरकार बनी तो हम जनता को मजबूत करेंगे, ताकि जनता का सरकार पर दबाव रहे, सरकार दबाव में रहेगी तो ही जनता के हितों का ध्यान रखेगी। आपने वर्तमान सरकार को मजबूत बनाया तो उसने आपको मजबूर कर दिया। सरकार अब जनता की सुन नहीं रही। जयंत चौधरी शुक्रवार को मथुरा के सौंख रोड स्थित गांव उस्फार में सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
जयंत चौधरी ने कहा कि 2014 में जनता को चाशनी में मिलाकर चाय पिलाई, कहा गया कि अब क्रांति आएगी, देश बदल जाएगा। अब फिर कह रहे हैं कि एक बार और मौका दीजिए। वर्तमान सरकार में अन्ना हजारे जैसे लोकतंत्र कार्यकर्ता और दूसरे जन आंदोलन सफल नहीं हो रहे। सूचना अधिकार को पूरी तरह ध्वस्त कर रखा है, जवाब नहीं दिए जा रहे हैं। सरकार ने अंबानी, अडानी के लिए सब कुछ न्यौछावर कर रखा है। बड़े चौधरी साहब की सरकार के समय जनता मजबूत थी, नौकरशाही में खौफ था। आप आज भी ताकतवर हैं। आगामी चुनाव में सरकार झूठ बोलेगी। ये वो लोग हैं, जो सब्सिडी खत्म करना चाहते हैं।
किसानों को कुछ देना नहीं चाहते हैं। ये वो लॉबी है जो किसानों पर टैक्स लगाने का सुझाव देती है। किसानों को संघर्ष करना पड़ेगा। आपने वर्तमान सरकार को खूब बहुमत दिया, इतना मौका देने पर बदलाव नहीं आया। अब हमें ताकत दीजिए, हम आपको बड़े चौधरी साहब के समय का लोकदल खड़ा कर के देंगे। इससे पहले पूर्व मंत्री तेजपाल सिंह, युवा रालोद के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अंबुज पटेल, रविंद्र सिंह, भगत सिंह जादौन, नरेंद्र सिंह ने सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान रालोद के पश्चिमी यूपी के अध्यक्ष पूर्व विधायक अनिल चौधरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनूप चौधरी, रामवीर भरंगर, राजपाल भरंगर, राजेंद्र सिकरवार, जिलाध्यक्ष रामरसपाल पौनिया, रोहित प्रताप, सुरेश भगत आदि मौजूद रहे। संचालन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चेतन मलिक ने किया।