आगरा में जयंत चौधरी ने भरी हुंकार, स्वाभिमान जनसभा में उमड़ा जाट समाज का सैलाब
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने आगरा के किरावली में स्वाभिमान जनसभा को संबोधित किया। इस ...और पढ़ें

किरावली के जैंगारा में आयोजित सभा के दौरान रालोद के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह चौधरी।
HighLights
जयंत चौधरी ने आगरा के किरावली में स्वाभिमान जनसभा की।
जनसभा में जाट समाज का भारी समर्थन देखने को मिला।
जागरण संवाददाता, आगरा। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में राजनीतिक हलचलें तेज हो रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार को रालोद के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने किरावली के जैंगारा गांव से हुंकार भरी। जाट समाज का जो सैलाब, इस स्वाभिमान जनसभा में उमड़कर आया, उसने ये संकेत दे दिए कि दलगत आस्थाएं बरकरार हैं।
किरावली के जैंगारा गांव में आयोजित स्वाभिमान जनसभा में हजारों की संख्या में लोग जुटे हैं। सभा में जयंत चौधरी ने कहा कि जो लोग मुझे एक चवन्नी भी नहीं मान रहे, कह रहे हैं कि चवन्नी हूं, मैं उनको बताना चाहता हूं, मैं तो चवन्नी भी नहीं। ब्रज रज की एक चुटकी लायक भी मैं अपने आप को नहीं मानता हूं, ब्रज रज की अहमियत आप जानते हो।
ब्रज की रज वो रज है, जहां देश-दुनिया से आदमी आता है और एक चुटकी लेके अपने माथे पे लगाकर प्रसन्न होकर घर लौट जाता है। तो मैं तो उस माटी के बराबर नहीं हूं और माटी के लाल मेरे सामने खड़े हैं, मैं जानता हूं कि मेरी लज्जा की रक्षा भी आप कर सकते हो।
उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री इथेनॉल का विरोध करते हैं? जो इथेनॉल गन्ने से बनेगा, आपके मक्का से बनेगा या आपकी धान से बनेगा, उसका विरोध करके तो आप सीधा किसानों का ही विरोध कर रहे हो। आगरा के कुछ प्रतिष्ठित किसानों और व्यापारियों के साथ मैंने दिल्ली में बातचीत की। बहुत अच्छा मसौदा उन्होंने सुझाव रखे, उसी दिन मैंने उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश जी से बात की।
पहले किराया नियंत्रण का कानून उत्तर प्रदेश में आलू का था, अब वापस कानून का मसौदा नहीं, लेकिन एक सब्सिडी सीधा किसानों को हम देंगे। मुझे खुशी है कि 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से वो उत्तर प्रदेश सरकार ने आलू के किसानों को राहत देने के लिए की।
जब तक यहां उद्योग नहीं लगेगा, जो आपसे खरीदता हो, जहां किसान संगठित होकर अपनी बात कह सकें, मूल निर्धारण में, कड़ियों में जो होती हैं, मंडी तक पहुंचाने में फसल को जब तक वहां आपकी देखरेख नहीं रहेगी, नजर नहीं रहेगी, दखल अंदाजी नहीं रहेगी।
रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने कहा कि सर्वप्रथम मैं आज इस स्वाभिमान सभा में हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश में युवाओं और किसानों, मजदूरों की आवाज चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजीत सिंह जी के परिवार के उत्तराधिकारी जयंत चौधरी का स्वागत करता हूं।
मुझे पूरा विश्वास है कि चौधरी साहब के आने से इस पूरे क्षेत्र को एक नई ऊर्जा मिलेगी, एक नई दिशा मिलेगी। आज इस स्वाभिमान सभा का आयोजन है और मुझे मालूम है कि जब भी चौधरी परिवार के स्वाभिमान की बात आई है, बृज की भूमि चट्टान की तरीके से खड़े होकर चौधरी परिवार के स्वाभिमान के लिए खड़ी है।
इतनी अच्छी बात है कि आज बृज क्षेत्र में, फतेहपुर सीकरी में इस स्वाभिमान सभा का आयोजन हो रहा है। साथियों, मैं बस्ती से आया हूँ, पूर्वांचल से हूं, लेकिन आप लोगों को बताना चाहता हूँ जितने चाहने वाले चौधरी चरण सिंह के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं, उतने ही चाहने वाले उनके पूर्वांचल में भी हैं।
हम लोग जातियों की बात नहीं करते, हम लोग किसानी की बात करते हैं। मैं मुजफ्फरनगर में था, वहां चौधरी अजीत सिंह जी ने भाईचारे का संदेश दिया। मैं अवध से आया हूं, अवध की गंगा जमुनी तहजीब है। चौधरी अजीत सिंह जी का भाईचारा और अवध की गंगा जमुनी तहजीब जब एक साथ मिल जाएगी तो पीडीए का पता नहीं चलने वाला, पीडीए साफ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी एक युवा हैं और युवा और युवाओं के मुद्दों को लेकर वह गंभीर रहते हैं। आपने अपनी पूरी संसद निधि युवाओं और युवाओं के खेलों के लिए पूरी समर्पित कर दी। आने वाले समय में युवाओं के लिए, किसानों के लिए, महिलाओं के लिए, समाज के हर वर्ग के लिए हम लोग आपके लिए समर्पित हैं। अशोक यादव ने कहा पीडीए परिवार डवलपमेंट अथारिटी। पीडीए वाले परिवार और पैसे की बात करते हैं।
