Happy Sankranti: जागरण पतंगोत्सव में बिखरे उल्लास के रंग, लिया स्वच्छता का संकल्प Agra News
फीरोजाबाद में रामलीला मैदान में हुआ महाआयोजन। सांसद विधायक अधिकारी एवं समाजसेवियों के साथ शहरवासियों ने उड़ाई पतंगें।
आगरा, जेएनएन। मकर संक्रांति के मौके पर फीरोजाबाद में बुधवार को दैनिक जागरण के पतंगोत्सव में श्रद्धा और उल्लास के रंग बिखेर। एक तरफ सूर्य नरायण का तेज सभी को ऊष्मा देकर कड़ाके की सर्दी से निजात मिलने का संकेत दे रहा था दूसरी तरफ आसमान में उड़ती रंग बिरंगे पतंगे हर किसी को आल्हादित कर रही थीं। रामलीला मैदान में सुबह से दोपहर तक माननीय, अधिकारी, उद्यमी और समाजसेवी एक साथ पतंग उड़ाते नजर आए। इस दौरान सभी ने रंगारंग कार्यक्रम और स्वादिष्ट खिचड़ी का भी आनंद लिया।
बुधवार की सुबह रामलीला मैदान का माहौल बिल्कुल बदला हुआ था। अयोध्या जी के निकट सजा मंच दूर से ही अपनी आभा बिखेर रहा था। देश भक्ति के गानों के साथ ही वातावरण में गूंज रहा उड़ी.. उड़ी.. जाए.. दिल की पतंग मेरी उड़ी..उड़ी.. जाए..गाना पतंगबाजी के शौकीनों में जोश पैदा कर रहा था। मंच के बांई ओर रेड कारपेट पर पतंगबाजी के उस्ताद लोगों को पतंग उड़ा उड़ाकर दे रहे थे।
जहां तहां नगर निगम के स्वच्छता का संदेश देते होर्डिंग नजर आ रहे थे। दोपहर के 12 बजे तक अतिथियों से मंच और मैदान शहरवासियों से भर गया था। इस बार के पतंगोत्सव से शहरवासियों को स्वच्छता, जल संरक्षण और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया गया।
नगर निगम के सहयोग से आयोजित दैनिक जागरण पतंगोत्सव की शुरूआत रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुई। स्वागत की औपचारिकता के बाद अतिथि मैदान में उतरे।
इसके बाद तो उत्सव का उल्लास चरम पर पहुंच गया। सांसद डॉ. चंद्रसेन जौदान, एसएसपी सङ्क्षचद्र पटेल, सीडीओ नेहा जैन, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा, नगर आयुक्त विजय कुमार, एसपी सिटी प्रबल प्रताप ङ्क्षसह, सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज, एसडीएम सदर राजेश वर्मा, एआरटीओ पीके ङ्क्षसह के साथ उद्योगपति हेमंत अग्रवाल बल्लू एवं अन्य शहरवासियों ने पतंग उड़ाई। संचालन प्रो.एबी चौबे ने किया।
डांस, नाटक और जादू से दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम में अर्जुन डांस ग्रुप, मनीष रॉक डांस एकेडमी के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर तालियों बटोरीं। आगरा के मयूरा ग्रुप के कलाकारों ने नाटक के जरिए शहरवासियों को स्वच्छता संदेश दिया तो जादूगर देव भी पीछे नहीं रहे।
उन्होंने सूखा और गीला कूड़ा की पहचान कराने के साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण में शामिल होने के लिए मोबाइल पर एप डाउनलोड करने की अपील की।