JFF 2026: कृष्णावतारम पार्ट वन देख भक्ति में डूबे दर्शक, आगरा में युवा बोले...खास था अनुभव
जागरण फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन आगरा में विभिन्न विषयों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। 'कृष्णावतारम पार्ट वन' ने ...और पढ़ें

अंजना पीवीआर में कृष्णावतारम को देख उत्साहित बच्चे।
HighLights
'कृष्णावतारम पार्ट वन' ने दर्शकों को भक्ति में लीन किया।
'हैप्पी न्यू ईयर' ने जीवन जीने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, आगरा। जागरण फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन शनिवार को सिनेमा के अलग-अलग रंग देखने को मिले। भगवान कृष्ण की भक्ति से लेकर सपनों, ग्रामीण जीवन, बच्चों की मासूमियत और सामाजिक सरोकारों तक, विभिन्न विषयों पर बनी फिल्मों ने दर्शकों को बांधे रखा।
‘कृष्णावतारम पार्ट वन’ ने खास तौर पर दर्शकों को आकर्षित किया। भगवान कृष्ण के जीवन और उनके संबंधों पर आधारित इस फिल्म को देखकर दर्शक भक्ति में डूबे नजर आए। वहीं, शार्ट फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ ने जिंदगी को हर पल खुलकर जीने का संदेश दिया और दर्शकों को छोटी-छोटी खुशियों की अहमियत समझाई।
निर्देशक हार्दिक गज्जर की ‘कृष्णावतारम पार्ट वन’ राम मोरी के 2025 में प्रकाशित उपन्यास सत्यभामा पर आधारित है। फिल्म में भगवान कृष्ण के राधा से अलग होने के बाद के जीवन और उनकी पत्नियों रुक्मिणी व सत्यभामा के साथ संबंधों को दर्शाया गया। भगवान कृष्ण की भूमिका निभाने वाले सिद्धार्थ गुप्ता के अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
उनके अभिनय और फिल्म की प्रस्तुति की दर्शकों ने खूब सराहना की। निर्देशक क्रांति प्रताप सिंह की शार्ट फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ ने भी दर्शकों को भावुक किया। फिल्म का संदेश था कि बड़ी खुशियों की तलाश में हम अक्सर अपने आसपास मौजूद छोटी-छोटी खुशियों को भूल जाते हैं।
फिल्म ने दर्शकों को सपनों को जीने और जिंदगी के हर पल का आनंद लेने की सीख दी। निर्देशक नागेश कुकुनूर की ‘धनक’ राजस्थान के एक छोटे से गांव में रहने वाले दो अनाथ भाई-बहन की कहानी है। बाल कलाकार हेतल और कृष के सहज अभिनय ने दर्शकों को प्रभावित किया। दोनों की मासूमियत और भाई-बहन के रिश्ते को पर्दे पर देखकर दर्शक भावुक भी हुए।
इसके अलावा निर्देशक गौतम चौधरी की ‘टू शीरोज’ और निर्देशक सुधीश कन्नौजिया की ‘काफी कान्फिडेंस’ ने अपनी कहानियों से दर्शकों को जोड़े रखा। निर्देशक रोहन सेन की ‘कन्या’, सूरज महेश की ‘वृषभवती: द पाइजन रिवर’, अन्ना कौर्शुन की ‘अमोग पीपुल’, रौनक सैंगर की ‘बैठी है’ और वेरोनिका की ‘वेयर आर यू’ भी प्रदर्शित की गईं। अलग-अलग कथानक और प्रस्तुतियों ने सिनेमा प्रेमियों को दिनभर बांधे रखा।
