दिल्ली में पकड़े गए ISIS के आतंकियों का आगरा से भी था कनेक्शन, पहले जारी हो चुका है अलर्ट Agra
आतंकियों के उप्र में दाखिल होने पर जारी किया था अलर्ट। उन्नाव से आगरा तक बस में आने की मिली थी जानकारी।
आगरा, यशपाल चौहान। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए आइएसआइएस (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया)प्रभावित तमिलनाडु मॉड्यूल के तीन आंतकियों में से दो आगरा में भी देखे गए थे। बकायदा उप्र पुलिस ने संदिग्ध आतंकी ख्वाजा मोइनुद्दीन और अब्दुल समद के उत्तर प्रदेश में दाखिल होने पर अलर्ट जारी किया गया था। उप्र पुलिस ने दोनों की फोटो भी जारी की थी।
खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार दोनों आतंकी दक्षिण भारत में आइएस के एजेंट हैं। आखिरी बार दोनों को दिसंबर 2019 में सिलीगुड़ी में देखा गया था। वहां खुफिया एजेंसियों को चकमा देकर दोनों फरार हो गए। इस के बाद पता चला कि दोनों उत्तर प्रदेश होकर नेपाल भागने की फिराक में हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद नेपाल बार्डर पर पुलिस ने सख्ती कर दी। तीन दिन पहले दोनों आतंकियों के आगरा में होने का इनपुट लखनऊ पुलिस से मिला। इसके बाद आगरा में पुलिस और खुफिया एजेंसी सक्रिय हो गईं। आइबी और एटीएस ने सभी संभावित स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। उनके फोटो के आधार पर इन आतंकियों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच इन आतंकियों के दिल्ली में गिरफ्तार होने की सूचना मिली तो पुलिस ने राहत की सांस ली।
ये मिला था इनपुट: दोनों आतंकी दिल्ली जा रही बस में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव के पास से सवार हुए थे। वह आगरा में आकर उतर गए। उसी बस से दिल्ली जा रहे लखनऊ के सिपाहियों ने उन्हें देखा था। उन्होंने लौटकर लखनऊ में अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद आगरा पुलिस को बताया गया।
आगरा में रुके थे आइएम आतंकी
छह वर्ष पूर्व आगरा में आइजी आवास के पास स्थित एक होटल में आइएम के दो आतंकी ठहरे थे। उन्होंने आगरा की पूरी रेकी कर ली थी। इसके बाद वे चले गए। दिल्ली में उनकी गिरफ्तारी के बाद मामला खुला तो यहां होटल में खुफिया एजेंसियों ने जांच की थी। दोनों आतंकी अपने मूल पहचान-पत्र से ही होटल में ठहरे थे।
इनपुट पर बरती गई थी सतर्कता
आतंकियों के आगरा में होने के इनपुट पर सतर्कता बरती गई। केंद्रीय व राज्य की खुफिया एजेंसियों के साथ एसटीएफ व एटीएस की भी मदद ली गई। दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि इन दोनों आतंकियों को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया है।
बबलू कुमार, एसएसपी, आगरा