विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में दिसंबर में तैयार होगा छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय, सीएम योगी ने बदला था नाम

Published: Mon, 18 May 2026 07:59 AM (IST)Updated: Mon, 18 May 2026 08:02 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नाम बदला गया आगरा का छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय दिसंबर तक तैयार हो जाएगा। इसमें शिवाजी ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों को दिसंबर में शहर में बड़ा आकर्षण मिलेगा। शिल्पग्राम के समीप छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय बनकर तैयार हो जाएगा। संग्रहालय में एक गैलरी छत्रपति शिवाजी महाराज के औरंगजेब की कैद से बचकर निकलने की साहसिक योजना पर आधारित होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुगल संग्रहालय का नाम सितंबर, 2020 में बदलकर छत्रपति शिवाजी संग्रहालय किया था। सदन से लेकर सभाओं तक कई बार वह इसका उल्लेख भी कर चुके हैं।

दिसंबर तक बनकर हो जाएगा तैयार, आधा दर्जन गैलरी बनाई जाएंगी

शिल्पग्राम के समीप 5.9 एकड़ भूमि में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय का निर्माण चल रहा है। करीब 198 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे संग्रहालय के काम को पूरा करने के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स ने दिसंबर तक का समय मांगा है। प्री-कास्ट टेक्नीक से बनाए गए भवन में वाल क्लैडिंग, लिफ्ट, उपकरण आदि काम होने हैं।

मुख्यमंत्री ने बदला था नाम, सदन से सभाओं तक कर चुके हैं जिक्र

प्रदेश सरकार ने मार्च के अंत में संगहालय के लिए 50 करोड़ रुपये भी जारी किए थे। संग्रहालय में बनाई जाने वाली गैलरियों में इंटरएक्टिव टेक्नीक, वर्चुअल रियलिटी, साउंड एंड लाइट शो और डिजिटल आर्काइव का प्रयोग किया जाएगा। छत्रपति शिवाजी महाराज के औरंगजेब की कैद से बचकर निकलने की साहसिक योजना पर आधारित गैलरी में 7-डी टेक्नीक, डिजिटल सउंड, लाइट और साउंड इफेक्ट का प्रयोग किया जाएगा।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि संग्रहालय का सिविल वर्क दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। विभाग यह प्रयास करेगा कि जैसे-जैसे भवन तैयार होता जाए, उसमें गैलरी विकसित करने का काम शुरू करा दिया जाए।

यह प्रमुख गैलरी बनेंगी

  • अग्रदूतों की गैलरी: यह वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों से जुड़ी वस्तुओं, स्मृतियों और दस्तावेजों पर आधारित होगी।
  • त्योहारों की गैलरी: काशी की महाशिवराित्र, देव दीपावली, ब्रज का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव व रंगोत्सव, प्रयागराज के महाकुंभ का जीवंत चित्रण होगा।
  • नदियों की गैलरी: गंगा, यमुना, सरयू और घाघरा जैसी नदियों से जुड़ी आस्था, संस्कृति और लोक जीवन का सजीव चित्रण होगा।
  • आगरा गैलरी: शहर की स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत को इसमें प्रदर्शित किया जाएगा।
  • अस्त्र-शस्त्र पर गैलरी: यह गैलरी प्राचीन समय में युद्ध में उपयोग में लाए जाने वाले हथियारों पर आधारित होगी।
  • जीव-जंतु व वनस्पति गैलरी: इस गैलरी में प्रदेश में मिलने वाले जीव-जंतुओं और वनस्पति की जानकारी मिलेगी।

भाजपा की उपलब्धियों में होगा शामिल

सरकार की योजना छत्रपति शिवाजी संग्रहालय को भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक वैभव और वीरता के प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने की है। शासन-प्रशासन का जोर दिसंबर से पहले संग्रहालय तैयार कराने पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस प्रोजेक्ट की मानीटरिंग कर रहे हैं। उनके समक्ष प्रेजेंटेशन भी हो चुका है।

स्मारक भी बनाने की तैयारी

आगरा में कोठी मीना बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक भी बनाया जाना है। उप्र में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में विकास और सुशासन के साथ भाजपा छत्रपति शिवाजी संग्रहालय को अपनी उपलब्धियों में शामिल कर सकती है।