क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन बैट चोरी, बोले...बस लौटा दो; चोर को कीमत भी देने को तैयार
भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के आगरा स्थित चाहर डावर ग्राउंड से तीन प्लेयर एडिशन बैट चोरी हो गए हैं। दीपक ...और पढ़ें

क्रिकेटर दीपक चाहर।
HighLights
दीपक चाहर के तीन प्लेयर एडिशन बैट चोरी हुए।
चोरी हुए बैट की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन प्लेयर एडिशन बैट अरतौनी स्थित चाहर डावर ग्राउंड से चोरी हो गए हैं। घटना के बाद दीपक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर चोर से बैट वापस करने की अपील की है।
दीपक के अनुसार तीनों बैट की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। उन्होंने कहा चोर को शायद इनकी असली कीमत का अंदाजा नहीं है। वीडियो में उन्होंने कहा अगर बैट वापस किए गए तो वह पैसे देने को तैयार हैं। यह भी कहा कि चोर इन्हें बेच देगा या टेनिस बाॅल से खेल लेगा, जबकि यदि चोर राशि मांगता तो वे खुद पैसे दे देते।
दीपक ने कहा चोर के लिए तीन विकल्प हैं पुलिस में शिकायत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार अथवा भगवान से प्रार्थना कि चोर को समझ आए और बैट लौट आएं। अपील है कि बैट वापस कर दिए जाएं। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पिता व कोच लोकेंद्र चाहर ने बताया दीपक शनिवार शाम को अभ्यास के दौरान अपनी किट रखकर गेंदबाजी का अभ्यास कर रहे थे। एक घंटे बाद जब बैटिंग अभ्यास के लिए बैट लेने आए तो बैट गायब मिले। फिलहाल कार्रवाई के लिए कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है।
