Capping of Taj Mahal: ताजमहल पर कैपिंग कहीं बन न जाए मुसीबत, पढ़ें क्यों जरूरी है सर्दियों में बदलाव
Capping of Taj Mahal ताजमहल की कैपिंग नहीं बढ़ी तो सर्दियों में होगी दिक्कत। सर्दियों में कोहरा व धुंध के चलते सुबह कम आ पाते हैं पर्यटक। वर्तमान में दो स्लाटों में 2500-2500 टिकटों की हो रही बुकिंग। कोरोना काल में ताजमहल 21 सितंबर को खोला गया था।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना काल में ताजमहल में लागू कैपिंग को नहीं बढ़ाया गया तो सर्दियों में पर्यटकों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। सर्दियों में धुंध व कोहरे के चलते पर्यटक दोपहर तक आगरा आ पाते हैं। वर्तमान समय में कैपिंग के अनुसार दोपहर के स्लाट में स्मारक के 2500 टिकट ही बुक हो सकते हैं। इसके चलते सर्दियों में पर्यटकों को परेशानी से बचाने को पर्यटन संस्थाएं कैपिंग बढ़ाने की मांग कर रही हैं।
कोरोना काल में ताजमहल 21 सितंबर को खोला गया था। इसमें एक दिन में अधिकतम पांच हजार टिकट ही बुक कराई जा सकती हैं। इसमें भी सुबह और दोपहर के स्लाट में 2500-2500 टिकट ही बुक हो पाते हैं। अब सुबह धुंध रहने लगी है। आने वाले दिनों में सर्दी के साथ धुंध बढ़ेगी और कोहरा भी समस्या बनेगा। इसके चलते आसपास के जिलों से सड़क मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए सुबह जल्दी अपने घरों से निकलना संभव नहीं हो सकेगा। वो दोपहर के समय में ही यहां आ सकेंगे। दोपहर की स्लाट में केवल 2500 टिकट होने से सभी को टिकट मिलना मुश्किल होगा। इस स्थिति में उन्हें या तो अगले दिन का इंतजार करना पड़ेगा या फिर बिना स्मारक देखे लौटना पड़ेगा। इसके चलते पर्यटन संस्थाओं द्वारा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) से कैपिंग पर पुनर्विचार की मांग की जा रही है, जिससे पर्यटकों को परेशानी नहीं उठानी पड़े।
एएसआइ को कैपिंग बढ़ाने पर पुनर्विचार करना चाहिए। पूर्व के समान ताज रात्रि दर्शन भी शुरू किया जाए। एडीए को मेहताब बाग स्थित ताज व्यू प्वाइंट से चांदनी रात में पांच दिन ताजमहल के दीदार की शुरुआत करानी चाहिए। इससे पर्यटक चमकी देख सकेंगे।
-सुनील गुप्ता, चेयरमैन नोर्दर्न रीजन, इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर आपरेटर्स
पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। वर्तमान में दोपहर के स्लाट में केवल 2500 टिकट ही बुक हो सकती हैं। एएसआइ को कैपिंग बढ़ानी चाहिए, अन्यथा पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ेगी
-राजेश शर्मा, सचिव, टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा
सोमवार को ताजमहल पर कम आए पर्यटक
सोमवार को 2489 पर्यटकों ने ताजमहल निहारा, जबकि रविवार को 3814 पर्यटक आए थे। 680 पर्यटकाें ने मुख्य मकबरे समेत ताजमहल निहारा। इनमें 590 वयस्क और 90 बच्चे शामिल थे। अन्य स्मारकों पर भी सोमवार को रविवार की अपेक्षा कम पर्यटक पहुंचे।
पर्यटकों की स्थिति
भारतीय वयस्क, 2211
भारतीय बच्चे, 269
विदेशी, 8
सार्क, 1
कुल, 2489
ताजमहल पर पर्यटकों की स्थिति
दिन, पर्यटक
शनिवार, 3289
रविवार, 3814
सोमवार, 2489