बंटवारे का प्यार: पत्नी और प्रेमिका दोनों संग रहेगा पति, शादी के आठ वर्ष बाद सामने आए विवाद का निकला अनोखा हल
Agra News पति ने पत्नी-प्रेमिका में किया दिनों का बंटवारा परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा था मामला पत्नी और प्रेमिका दोनाें को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था पति। पत्नी सात दिन में ये निर्णय करेगी कि किन-किन दिन वो साथ रहेगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। शादी के आठ वर्ष बाद पति-पत्नी और प्रेमिका का मामला परामर्श केंद्र आया। पति प्रेमिका को छोड़ना नहीं चाहता और प्रेमिका भी पति के साथ रहने के लिए तैयार थी। ऐसे में जब कोई रास्ता हीं सूझा तो उसने पत्नी और प्रेमिका में दिनों का बंटवारा कर दिया।
पति बोला तीन-तीन दिन दोनों संग रहूंगा। एक दिन अपनी मर्जी का मालिक हूं, पत्नी-प्रेमिका और मां किसी के पास भी समय बिता सकता हूं। प्रेमिका प्रस्ताव मान गई। पत्नी को मनाने के लिए उसने सात दिन का समय मांगा है। मामला शहर के रहने वाले पति-पत्नी और वो का है। दंपती की शादी काे आठ वर्ष हो चुके हैं। पति एक फैक्ट्री में काम करता है।
मायके चली गई थी पत्नी
परिवार परामर्श केंद्र पहुंची प्रेमिका ने प्रेमी पर लिव इन रिलेशनशिप में साथ रहने के बाद अपनाने से इंकार करने का आरोप लगाया था। उसका कहना था कि प्रेमी से उसे एक बच्चा भी है। काउंसलिंग के दौरान प्रेमी ने बताया कि वह शादीशुदा है। उसके तीन बच्चे हैं। कुछ वर्ष पहले पत्नी झगड़ा करके बच्चों समेत मायके चली गई थी।
इसी दौरान वह एक शादीशुदा महिला के संपर्क में आया। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। महिला के भी दो बच्चे हैं। इसी दौरान महिला के पति की बीमारी से मौत हो गई। जिसके बाद से महिला और वह लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जिससे उनके एक बच्चा भी है। विवाद कुछ महीने पहले से शुरू हुआ। पत्नी घर लौटी तो उसे पति के संबंधों का पता चला। वह प्रेमिका से संबंध खत्म करने की जिद पर अड़ गई।
प्रेमिका का कहना प्रेमी से है बच्चा
प्रेमिका का कहना था कि प्रेमी से उसे बच्चा है। उसे लेकर कहां जाएगी। जबकि प्रेमी का कहना था कि वह दोनों में किसी को नहीं छोड़ सकता। पति-पत्नी और वो के इस अनोखे विवाद ने काउंसलर को भी पसोपेश में डाल दिया।
जिस पर पति ने प्रेमिका के सामने प्रस्ताव रखा कि वह तीन दिन उसके साथ रहेगा, तीन दिन पत्नी के साथ बिताएगा। जबकि एक दिन वह अपनी मर्जी का मालिक होगा। इसे वह अपनी मां पास बिताएगा। प्रेमिका इसके लिए राजी हो गई। पति ने अब पत्नी को मनाने के लिए सात दिन का समय मांगा है। जिससे कि वह पत्नी को भी अपने इस प्रस्ताव के लिए राजी कर सके।