पति ही निकला हत्यारा, सोच समझकर रची थी हत्या की साजिश, पढ़ें क्या हुआ खुलासा Agra News
नाला बुढान निवासी 29 वर्षीय रजनी की 11 अगस्त की मध्य रात्रि उनके घर मे गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
आगरा, जागरण संवाददाता। थाना हरीपर्वत के नाला बुढान सैय्यद में महिला की गला रेतकर हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की हत्या उसके पूर्व पार्षद पति ने की थी। गर्भवती पत्नी अपने बच्चे के लिए संपत्ति में हिस्सा मांग रही थी।
नाला बुढान निवासी 29 वर्षीय रजनी की 11 अगस्त की मध्य रात्रि उनके घर मे गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। सोमवार सुबह उनका शव मिला था। पूर्व पार्षद केशव कुमार ने पूछताछ में बताया कि रजनी से उसकी मुलाकात 7 साल पहले हुई थी। केशव कुमार का जयपुर हाउस में स्कूल है, रजनी इसमे टीचर थी। एक बार वह बीमार पड़ गई तो केशव कुमार ने उसका इलाज कराया। इसके बाद उनमे घनिष्ठ संबंध हो गए।
केशव कुमार ने रजनी से तीन साल पहले आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। उस समय दोनो के बीच ये तय हुआ था कि वह रजनी को अलग मकान लेकर रखेगा। पति होने की पूरी ज़िम्मेदारी उठायेगा। मगर, रजनी उसकी पैतृक संपत्ति में हिस्सा नही मांगेगी। आठ महीने पहले गर्भवती होने पर रजनी ने अपने और होने वाले बच्चे के लिए अशोक कुमार से संपत्ति में हिस्सा मांगना शुरू कर दिया। एक बार खुदकशी का भी प्रयास किया। इस पर पति केशव कुमार ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
वह 11 अगस्त को दिल्ली अपनी बहन के यहां गया। शाम को बहन से दोस्त के घर जाने की कहकर निकल गया। रात 11 बजे ट्रेन से आगरा पहुंचने के बाद सीधे रजनी के पास गया। बातचीत करने के दौरान उसके मुंह को दुपट्टे से बंद करके छुरी से गला रेतकर मार दिया। इसके बाद ट्रेन से दिल्ली लौट गया था।