Move to Jagran APP

रिटायर्ड फौजी की पत्‍नी को जिंदा जलाने वाले मियां-बीवी गिरफ्तार, जाएंगे जेल

पुष्‍पांजलि ईको सिटी मामले में आरोपित दंपती गिरफ्तार मुकदमे में दो और नामजद व 12 अज्ञात शामिल। हत्या चौथ मांगने बलवा अपराधिक साजिश की धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा। पंचायत के बाद केरोसिन डालकर जला दिया था महिला को।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Tue, 13 Oct 2020 05:48 PM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2020 05:48 PM (IST)
रिटायर्ड फौजी की पत्‍नी को जिंदा जलाने वाले मियां-बीवी गिरफ्तार, जाएंगे जेल
गिरफ्तार भरत खरे और उसकी पत्‍नी सुनीता खरे।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज के नगला कली स्थित पुष्पांजलि ईको सिटी कालोनी में सेवानिवृत फौजी की पत्नी 38 वर्षीय संगीता को एससी एसटी एक्ट का मुकदमा खत्म कराने को हुई पंचायत के बाद जिंदा जलाया गया था। फौजी की तहरीर पर मंगलवार को ताजगंज थाने में पड़ोसी दंपती व उनके रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या, चौथ मांगने, बलवा व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसमें दो अन्य नामजद व 12 अज्ञात शामिल हैं। आरोपित दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अन्य के बारे में जानकारी की जा रही है। एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कालाेनी के लोगों से बातचीत की। तनाव को देखते हुए कालोनी में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।

loksabha election banner

पुष्पांजलि ईको सिटी कॉलोनी निवासी अनिल कुमार सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद टोरंट कंपनी में कार्यरत हैं। मुकदमा के अनुसान, छह दिन पहले उनके बेटे आयुष का पड़ोसी भरत खरे के बेटे बिट्टू से झगड़ा हो गया था। इस मामले में विवाद के बाद भरत खरे ने सात अक्टूबर को ताजगंज थाने में अनिल और संगीता के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करा दिया। एकता चौकी पुलिस ने 2 दिन पहले अनिल और उसकी पत्नी संगीता को चौकी पर बुलाया था। आरोप है कि उनकी चौकी पर सुनवाई नहीं हुई। चौकी पर बैठा कर रखा गया। कालोनी के लोगों ने चौकी पर पहुंचकर परिवार का पक्ष रखा था। अनिल और उनकी पत्नी को निर्दोष बताया। बाद में पुलिस ने रात 11:00 बजे अनिल को छोड़ दिया था।

रविवार शाम को मामले में समझौते के लिए भरत खरे और अनिल पक्ष के लोगों के बीच कालोनी में पंचायत हुई थी। अनिल ने मुकदमे में लिखा है कि पंचायत में उन्हें बेइज्जत किया गया। समझौते के एवज में 10 लाख रुपए की मांग की गई। पत्नी संगीता से पैर छूकर माफी मांगने को कहा गया। पत्नी घर चली गई थी। तभी भरत खरे, उसकी पत्नी सुनीता, दीपक और सोनू सहित 10-12 लोग उसके पीछे चले गए। उन्होंने पकड़ कर संगीता पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। संगीता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरोगा योगेश कुमार बयान लेने के लिए आए थे। मगर, संगीता के होश में ना होने की वजह से बयान नहीं हो सके। मजिस्ट्रेट बयान भी नहीं हो सके। बाद में संगीता की मौत हो गई। जलाने का आरोप भरत खरे, सुनीता खरे, दीपक, सोनू सहित 10-12 लोगों पर है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि बलवा, हत्या, चौथ मांगने, षड्यंत्र की धारा में चार नामजद और 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भरत और उसकी पत्नी सुनीता को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेजा जाएगा। अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी की जा रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.