आगरा मेट्रो पर कौन करेगा पैसा खर्च, इसका फैसला हो जाएगा पांच को Agra News
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में लखनऊ में होगी आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट पर बैठक। 8369 करोड़ रुपये का है प्रोजेक्ट तीस किमी लंबा होगा ट्रैक।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए कौन पैसा खर्च करेगा इसका फैसला पांच अगस्त को लखनऊ में होने वाली बैठक में किया जाएगा। चार सौ करोड़ के कर्ज में डूबा आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) पहले ही हाथ खींच चुका है। 8369 करोड़ की इस योजना के निवेशक मिलने के बाद कार्य प्रगति पकड़ेगा।
शहर में तीस किमी लंबा मेट्रो ट्रैक बिछाया जाएगा। पहला कॉरिडोर 14 और दूसरा 16 किमी लंबा होगा। लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की टीम ने सर्वे शुरू कर दिया है। अब तक छह स्टेशनों बसई, फतेहाबाद रोड, शाहजहां पार्क, आगरा किला, जामा मस्जिद, ताज पूर्वी गेट शामिल हैं। फिलहाल इन स्टेशनों का तकनीकी सर्वे चल रहा है। यह सर्वे एक से दो माह तक चलेगा। शासन ने मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। हाई पावर कमेटी की पहली बैठक 16 जुलाई को होने थी। किसी कारणवश बैठक स्थगित हो गई थी।
एडीए की माली हालत नहीं ठीक
प्रमुख सचिव, नियोजन ने एडीए को फंडिंग का इंतजाम करने के लिए कहा था लेकिन एडीए की माली हालत ठीक नहीं है। साढ़े चार सौ करोड़ रुपये का कर्ज पहले से है। यह कर्ज इनर ङ्क्षरग रोड के निर्माण के लिए लिया गया है।
हाई पावर कमेटी में येे सदस्य शामिल
- प्रमुख सचिव : अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, वित्त, नियोजन, लोक निर्माण, नगर विकास, परिवहन, गृह, राजस्व, ऊर्जा, वन एवं वन्य जीव, पर्यावरण।
- मंडलायुक्त, आगरा मंडल
- डीएम आगरा
- नगरायुक्त, आगरा
- एसएसपी, आगरा
- उपाध्यक्ष, आगरा विकास प्राधिकरण
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप