विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: झोलाछाप बता रहा था लड़का होगा लड़की, हरियाणा की टीम ने मारा छापा, छह पकड़े

By Ajay Dubey Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 21 Sep 2026 10:55 PM (IST)

हरियाणा की पीसीपीएनडीटी टीम ने आगरा के इटौरा स्थित संस्कार हॉस्पिटल पर छापा मारकर लिंग भ्रूण परीक्षण करने वाले गिरोह ...और पढ़ें

सेंटर से बरामद छोटी सी अल्ट्रासाउंड मशीन।

सेंटर से बरामद छोटी सी अल्ट्रासाउंड मशीन।

HighLights

  1. बिना पंजीकरण अस्पताल में लिंग भ्रूण परीक्षण का खुलासा।

  2. झोलाछाप सहित छह गिरफ्तार, वायरलेस अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त।

जागरण संवाददाता, आगरा। हरियाणा के सोनीपत की गर्भधारण पूर्व और प्रसवपूर्व निदान तकनीक (पीसीपीएनडीटी) टीम ने सोमवार शाम को इटौरा के संस्कार हास्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में छापा मारा। बिना पंजीकरण संचालित हो रहे झोलाछाप के हास्पिटल में लिंग भ्रूण परीक्षण कराया जा रहा था।

टीम ने झाेलाछाप सहित गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ा है। हास्पिटल से चीन की वायरलेस पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त की गई है। सोनीपत की पीसीपीएनडीटी टीम ने संस्कार हास्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में लिंग भ्रूण परीक्षण गिरोह काे पकड़ने के लिए जाल बिछाया

सोनीपत की गर्भवती को (डिकाय) बनाकर गर्भस्थ शिशु के बेटा व बेटी का पता करने के लिए गिरोह के सदस्यों से संपर्क किया। गिरोह के सदस्य डिकाय को दिन भर घुमाते रहे, शाम पांच बजे संस्कार हास्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में पहुंचे। टीम ने हास्पिटल में छापा मार दिया।

सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि हास्पिटल सैंया के रहने वाले भानु प्रताप द्वारा संचालित किया जा रहा था, हास्पिटल का पंजीकरण नहीं था। टीम ने भानु प्रताप के साथ ही इटौरा निवासी ओम नारायण, फतेहाबाद के मयंक शर्मा, माकरोल के जगवीर सिंह व मनीष कुशवाह, कुशीनगर के पवन कुशवाह, सोनीपत के शंकर राणा काे पकड़ा है।

दो महीने पहले किराए पर लिया, नीचे अस्पताल और ऊपर दुकान

शमसाबाद की रहने वाली मंजू से भानु और प्रदीप ने दो महीने पहले संस्कार हास्पिटल एंड ट्रामा सेंटर संचालित करने के लिए भवन किराए पर लिया था। तीन कमरे में हास्पिटल संचालित हो रहा है, पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया था। आइसीयू की सुविधा का भी बोर्ड लगा है।

हास्पिटल में कोई डाक्टर नहीं है। पहली मंजिल पर तीन दुकान हैं। दुकानों पर किराए के लिए उपलब्ध हैं के बोर्ड लगे हुए हैं। इससे पहले भवन में ठाकुर दास के नाम से हास्पिटल संचालित हो रहा था।

वाईफाई से कनेक्ट करते थे मशीन

टीम ने चीन निर्मित पोर्टेबल वायरलेस अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त की है। इसमें अल्ट्रासाउंड करने के लिए वायरलेस प्रोब होता है, यह अल्ट्रासाउंड मशीन से किसी तार से कनेक्ट नहीं किया जाता है। इसमें अल्ट्रासाउंड मशीन का काम टैबलेट व स्मार्टफोन करता है इसे बाईफाई से कनेक्ट किया जाता है। जिससे किसी को शक ना हो।