45 वर्षों से नारी सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल बना है हस्तशिल्प का ये मेला
कल्याणकारी महिला समिति ने लगाया है हस्तकला मेला। दिल्ली, मुंबई, जयपुर, कोलकाता, मथुरा, फिरोजाबाद समेत विभिन्न राज्यों-शहरों से आए हैं शिल्पी।
आगरा [जेएनएन]: इसे नारी सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल कहना गलत न होगा कि शहर की सबसे पुरानी महिला समिति लगातार 44 वर्षों से हस्तकला का मेला लगाती आ रही है। महिलाओं के लिए, महिलाओं द्वारा होने वाला यह आयोजन आगरा शहर के इतिहास में यादगार आयोजन बनता आ रहा है। इस बार भी जब रविवार को आगरा क्लब ग्राउंड में शिल्पकला की करीब 200 स्टॉल्स सजीं तो हर कोई वस्तुओं को देख अचंभित हो गया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार कीं धर्मपत्नी हेमलता ने मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि त्योहार के मौसम में महिला समिति द्वारा होने वाला यह आयोजन हर महिला के लिए कामगर है। एक प्रांगण में घरेलु आवश्यकताओं की हर वस्तु मौजूद है। सबसे अच्छी बात महिला हस्तशिल्पियों के लिए यह बेहतरीन मंच है।
सांस्कृति विरासत का है दर्पण
कल्याणकारी महिला समिति की यह प्रदर्शनी सांस्कृतिक विरासत का दर्पण कही जाती है। यहां लगी 200 स्टॉल्स पर देश के विभिन्न राज्यों व शहरों के हस्तशिल्प उत्पाद मौजूद हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गुजरात आदि हर राज्य की विविध कलाएं यहां उपलब्ध हैं।
स्वास्थ और संस्कृति का भी मेला
मेले में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही स्तन कैंसर व अन्य खतरों की पहचान के लिए रेनबो हॉस्पिटल की ओर से महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच, बीएमडी, बीएमआई जांच आदि नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। गुरमे क्लब के निर्देशन में कुकिंग, होली पब्लिक स्कूल के निर्देशन में ड्राइंग आदि प्रतियोगिताएं भी आयोजन में हुईं। शाम को सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम गजगामिनी म्यूजिकल ईवनिंग आयोजित होगा।
स्वरोजागार से जोड़ता है मेला
समिति अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि कल्याणकारी महिला समिति की ओर से आयोजित होने वाले इस हस्तशिल्प मेले का गौरवमयी इतिहास है। विगत 44 वर्षों से यह आयोजित किया जा रहा है जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से हस्तशिल्पी आकर अपने उत्पाद प्रदर्शित करते हैं। इसके अलावा यह एक अवसर प्रदान करता है विशेषकर महिलाओं को अपनी प्रतिभा को सामने लाने का। मेला संयोजिका नीलिमा पाटनी ने बताया कि मेले में प्रदेश व प्रदेश से बाहर से आए शिल्पियों द्वारा तकरीबन 200 स्टॉल लगाई जा रही हैं, जिनमें सजावट की चीजें, कपड़े, पत्थर व धातुओं से बनीं वस्तुएं, एक्सेसरीज, गिफ्ट आइटम्स जैसी चीजें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि कल्याणकारी महिला समिति आगरा में महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए काम कर रही है। ऐसे में इस हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩा भी है।