Breaking: आगरा के अधिवक्ता पर बाइक सवारों का हमला, ताबड़तोड़ चलीं चार गोलियां
तहसील में अधिवक्ता पर अपाचे बाइक सवारों ने किया हमला। अधिवक्ता ने ठेले के पीछे छुपकर जान बचाइर्।
आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज क्षेत्र में ऋषि मार्ग पर बाइक सवार हमलावरों ने शुक्रवार शाम अधिवक्ता पर हमला बोल दिया। उन पर चार गोलियां चलाईं। ठेल के पीछे छिपकर अधिवक्ता ने जान बचाई। हथियार लहराते हुए हमलावर भाग गए। घटना से क्षेत्रीय लोग दहशत में हैं।
चाणक्य पुरी निवासी अधिवक्ता राम सारस्वत सदर तहसील में वकालत करते हैं। अधिवक्ता ने बताया कि वे शुक्रवार शाम 4.45 बजे तहसील से घर लाैट रहे थे।
अचानक उन्हें लगा कि दो बाइक पर सवार पांच युवक पीछा कर रहे हैं। युवकों ने हेलमेट लगा रखे थे। अधिवक्ता कुछ करते, इससे पहले बाइक सवारों ने गोली चला दी। स्कूटर सड़क पर पटककर राम सड़क किनारे खड़ी एक ठेल के पीछे छिप गए। हमलावरों ने इसके बाद तीन फायर और किए। फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई। रोड पर ट्रैफिक भी रुक गया। शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची। राम सारस्वत ने बताया कि क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर उनसे रंजिश मानता है। वर्ष 2018 में भी उनके ऊपर हमला हुआ था। सिर में गंभीर चोट आई थी। तब मुकदमे में नामजद शाहगंज निवासी शाहिद वेग और उसके साथी जेल गए थे। इसी मुकदमे को वापस लेने का उन पर दबाव बनाया जा रहा है। इस बार भी हमले में शाहिद वेग, आसिफ वेग, सारिक, अनस और वीपी शामिल थे। गोली वीपी और अनस ने चलाई थीं। सीओ लोहामंडी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।