देशभर में पांच करोड़ पौधे लगाने वाले ग्रीन मैन ने गुरुकुल में रोपा कल्पवृक्ष Agra News
विजयपाल बोले हर भारतीय लगाए एक पौधा और उसे बचाए भी। बच्चों को बताया पेड़ों का महत्व संरक्षण का दिया संदेश।
आगरा, जेएनएन। मिशन सवा सौ करोड़ का लक्ष्य लेकर चल रहे ग्रीन मैन ने रविवार को फीरोजाबाद के जसाराना स्थित आदिवासियों के गुरुकुल में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक देशवासी से केवल पौधा रोपने और उसे बचाने की अपील की।
देश में ग्रीनमैन के नाम से विख्यात विजय पाल सुबह सवा ग्यारह बजे गाजियाबाद से पलिया कला स्थित महर्षि दयानंद आर्ष गुरुकुल आश्रम पहुंचे। गुरुकुल के आंगन में विकसित किए जा रहे बगीचे में पौधारोपण की शुरूआत उन्होंने कल्पवृक्ष लगाकर की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कल्पवृक्ष की सकारात्मक ऊर्जा से गुरुकुल में पर्यावरण, शिक्षा और संस्कारों का विकास होगा। ग्रीनमैन ने आश्रम के संचालकों से कहा कि वे सभी पौधों की पेड़ बनने तक देखरेख करें। बच्चों को पौधों का महत्व समझाते हुए उनके संरक्षण करने को कहा।
इसके बाद आश्रम के पदाधिकारी एवं आदिवासी बच्चों ने चंदन, आम, कटहल, तेजपत्ता, दालचीनी, काली मिर्च, मौलश्री, अमरूद, बेल और अशोक के 151 पौधे रोपे। प्रबंधक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि इन पौधों के बड़े होने के बाद दर्शनीय होंगे। स्कूल, कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों को भी इनकी पहचान कराई जाएगी। इस मौके पर आश्रम के अध्यक्ष अरविंद पालीवाल, उपाध्यक्ष डॉ. प्रभास्कर राय, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, सेवा भारती के जिला अध्यक्ष राम अग्रवाल, ठा. अश्वनी सिंह आदि मौजूद रहे।
पांच करोड़ पौधे लगा चुके हैं विजय पाल
ग्रीन मैन विजय पाल अब तक पूरे देश में पांच करोड़ से अधिक पौधे लगा चुके हैं। इसके लिए उन्हें ग्रीन एंबेस्डर, वृक्षमित्र, वन विभूति जैसे राष्ट्रीय आैर अंतरराष्ट्रीय अवार्ड मिल चुके हैं।
जेल में लगाया चंदन का पेड़
शाम को ग्रीन मैन जिला कारागार पहुंचे। यहां उन्होंने चंदन का पौधा लगाया। इसे वह अपने साथ लाए थे। इसके अलावा नीम, अर्जुन, शीशम, पीपल, कंजी आदि के 50 पौधे जेल अधीक्षक मुहम्मद अकरम खान, जेलर एलपी सिंह, हवलदार रामगोपाल, राजेन्द्र कुमार, अधिवक्ता हरिभगवान एवं बंदियों से लगवाए। इस दौरान उन्होंने बैरक नंबर तीन व चार के बीच बरगद का वह पेड़ भी देखा, जो उन्होंने डेढ़ वर्ष पूर्व यहां लगाया था। इसे देख वह काफी खुश हुए।