राज्यपाल कल्याण सिंह बाेले, आतंक के खिलाफ देश है एकजुट, बस अब होनी है बड़ी कार्रवाई
दो दिवसीय प्रवास पर कासगंज पहुंचे राजस्थान के राज्यपाल। कहा मोदी सरकार ने छेड़ दिया है आतंक के खिलाफ अभियान।
आगरा, जेएनएन। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने पुलवामा हमले पर कहा यह कायरता पूर्ण है। जवान शहीद हो गए। कई घायल हो गए। आतंकी हमले के खिलाफ आज पूरा देश एकजुट है। जनता जिस तरह से आवाज उठा रही है उससे साफ हो गया है कि देश पर जब भी संकट की घड़ी आती है सभी मतभेद को भुलाकर देश एकजुट होता है।
कासगंज में जनता एवं कार्यकर्ताओं से मिलने दो दिवसीय प्रवास पर आए राज्यपाल कल्याण सिंह ने कहा इस घटना से देश में गुस्सा है। शहर से गांव तक आवाज उठ रही है। सत्ता पक्ष एवं विपक्ष एकजुट है। जनता प्रधानमंत्री से कठोर कार्रवाई की अपेक्षा कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा रविवार को दिए भाषण को दोहराते हुए कहा उनके शब्दों से संकेत मिल रहा है आतंक व उसके आकाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। अलगाववादी नेताओं सुरक्षा वापस ले ली है। सुविधाएं हटा दी हैं। कठोर कार्रवाई की दिशा में यह एक कदम है। उन्होंने कहा भारत की सबसे बड़ी ताकत एकजुटता है, जो इस वक्त आतंकवाद के विरोध मेें दिखाई दे रही है। इस दौरान उनसे मिलने के लिए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का तांता लगा रहा।