कमला नगर में सर्राफ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर गाड़ी लूटी
आगरा: न्यू आगरा के कमला नगर में बुधवार रात को बदमाशों के दुस्साहस से दहशत फैल गई।
जागरण संवाददाता, आगरा: न्यू आगरा के कमला नगर में बुधवार रात को बदमाशों के दुस्साहस से दहशत फैल गई। दुकान बंद करके आ रहे सर्राफ पर घर के गेट पर एक्टिवा स्कूटर लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर ताबड़तोड़ फाय¨रग कर दी, इससे कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। बदमाश तमंचे लहराते हुए हाईवे की ओर भाग गए। पुलिस वारदात के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
कमला नगर ब्लॉक ई-339 निवासी नीतेंद्र अग्रवाल की किनारी बाजार में सराफा की दुकान है। बुधवार रात नौ बजे वह दुकान बंद करके एक्टिवा से घर लौट रहे थे। गेट के सामने पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक बदमाश स्कूटर लूटने का प्रयास करने लगा। सर्राफ बदमाश से भिड़ गए, गुत्थमगुत्था होने लगी। सर्राफ के शोर मचाने पर बदमाश का साथी बाइक से उतरकर नीचे आया। उसने सर्राफ पर रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फाय¨रग शुरू कर दी। इससे कॉलोनी में दहशत फैल गई, लोगों का घरों से बाहर निकलकर बदमाशों की घेराबंदी करने का साहस नहीं हुआ। इसके बाद बदमाश स्कूटर लूटकर हाईवे की ओर भाग निकले।
सर्राफ ने 100 नंबर पर कई बार फोन किया लेकिन वह नहीं लगा। एक घंटे बाद अधिकारियों को मोबाइल पर घटना की सूचना दी। दुस्साहसिक लूट की जानकारी होते ही थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। सर्राफ ने पुलिस को बताया कि स्कूटर में नकदी-जेवरात नहीं थे। कुछ जरूरी कागजात रखे हुए थे। पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों का फुटेज मिल गया है। पुलिस के मुताबिक बदमाशों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।
सोना होने के शक में लूटा स्कूटर
बदमाशों का सारा प्रयास स्कूटर ले जाने का था। आशंका है कि उनसे स्कूटर में लाखों के नकदी-जेवरात रखे होने की रेकी की गई थी। इसी के चलते बदमाशों ने सर्राफ को स्कूटर नहंी देने पर हत्या करने का प्रयास किया।
हाईवे से लगे थे पीछे
बदमाश सर्राफ के पीछे हाईवे से लगे थे। उसे रास्ते में कई बार ओवरटेक करने का प्रयास किया। मगर, सर्राफ ने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया।