झूठी मोहब्बत- सच्चा सौदा, जिस्म की मंडी का स्याहा सच जानकर कांप जाएगी रूह Agra News
प्यार के जाल में फांस असोम की दो युवतियों को कोठे पर बेच गए प्रेमी अब युवतियों को घर वापसी का है इंतजार।
आगरा, जागरण संवाददाता। प्यार पर भरोसा कर घर से निकली थीं हौसला करके। मगर जब धोखे का पता चला तो बहुत देर हो चुकी थी। मोहब्बत की झूठी कहानी पर रोने के सिवा कुछ बाकी न बचा था। अपने साथ हुई दरिंदगी ने दोनों को नफरत से भर दिया है। प्यार से विश्वास उठने के बाद वह घर लौटने का इंतजार कर रही हैं।
कोतवाली के कश्मीरी बाजार से 23 अगस्त को मुक्त कराई 11 युवतियों में असोम की भी युवतियां हैं। इनमें दो युवतियां को उनके प्रेमी ही कोठे पर लाकर बेच गए। दोनों डेढ़ साल से यहां बंधक बनाकर रखी गई थीं। देह व्यापार से जुड़े लोगों द्वारा यातनाएं देकर उन्हें जिस्मफरोशी को मजबूर किया जा रहा था।
युवतियों की मुलाकात कुछ साल पहले युवकों से हुई। दोनों असोम के अलग-अलग जिले की रहने वाली हैं। मगर, कहानी लगभग एक जैसी है। युवकों ने प्यार का नाटक करके दोनों को अपने जाल में फांस लिया। प्रेमियों ने नई जिंदगी की शुरूआत करने के लिए घर छोड़ने के लिए राजी कर लिया। डेढ़ साल पहले प्रेमी उन्हें अमर प्रेम की निशानी ताजमहल दिखाने के बहाने असोम से यहां लेकर आए।
प्रेमियों ने युवतियों को बताया कि उनके परिचित आगरा में रहते हैं। उन्हें परिचित के घर ले चलने की कहकर कोठे पर लाए। उनका सौदा करने के बाद छोड़कर चले गए। युवतियों को पता चला कि वह जिस्मफरोशों के चंगुल में फंस चुकी हैं तो होश उड़ गए। यहां से भागने की कोशिश की लेकिन नाकाम रही।
देह व्यापार से जुड़े लोग उन्हें कई दिन भूखा रखते। रोटी मांगने पर उनकी पिटाई की जाती। भूख और यातनाओं के चलते वह जिस्मफरोशी के लिए तैयार हो गईं। मुक्त कराई 11 युवतियों को काउंसिलिंग के बाद उनके परिजनों के पास भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
दुल्हन के मेकअप के बहाने कोठे पर ले आए
मुक्त कराई गई एक युवती आगरा की रहने वाली है। वह ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। इसी दौरान युवक से परिचय हो गया। युवक ने उससे एक दुल्हन का मेकअप करने के लिए उसके घर चलने की कहा। बहाने से कोठे पर लाकर बंधक बना लिया। उससे जिस्मफरोशी कराई गई। उधर, परिजन बदनामी के डर से युवती को अपने स्तर से खोजते रहे। थाने जाकर पुलिस को उसके लापता होने की जानकारी दी।
नारी संरक्षण गृह में 50 कहानी
नारी संरक्षण गृह में वर्तमान में 50 युवतियां रखी गई हैं। हर युवती की कोई न कोई कहानी है। किसी को प्रेमी ने धोखा दिया है तो कोई नौकरी के नाम पर देह व्यापार से जुड़े लोगों के चंगुल में फंसी।