झाड़ियों में मिली लड़की की हालत नाजुक, वेंटीलेटर पर पहुंची, नहीं चल सका पता आखिर हुआ क्या उसके साथ
मजिस्ट्रेट को दिए बयानों में खुद को बताया बालिग अधिकारी बोले नहीं हुआ है दुष्कर्म। युवती को बाइक से ले गया था दोस्त नशीली गोलियां खिलाकर मारपीट की और फेंक दी। पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रही पुलिस एक दोस्त हिरासत में दूसरे की तलाश।
आगरा, जागरण संवाददाता। केंद्रीय कारगार के पास झाड़ियों में फेंकी गई लड़की की हालत नाजुक है। रविवार शाम को उसे वेंटीलेटर पर ले लिया गया। इससे पहले होश आने पर दोपहर में मजिस्ट्रेट ने उसके बयान दर्ज किए। अधिकारियों का कहना है कि उसने अपने साथ दुष्कर्म की बात से इन्कार किया है। साथ ही बाइक से साथ ले जाने वाले दो युवकों के नाम भी बता दिए। इनमें से एक उसका दोस्त है। पुलिस दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जगदीशपुरा क्षेत्र में केंद्रीय कारागार के पास झाड़ियों में शनिवार शाम छह बजे एक लड़की को दो बाइक सवार फेंककर भाग गए थे। वहां खेल रहे बच्चों ने उन्हें देखा था। युवती अचेत अवस्था में थी। उसको पुलिस ने एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया। कद काठी को देखकर उसकी उम्र 15-16 वर्ष होने का अंदाजा लगाया जा रहा था। शनिवार देर रात लड़की होश में आ गई। उसने पुलिस को अपनी उम्र 22 वर्ष बताई है। रविवार को दोपहर एसएन इमरजेंसी में पहुंचकर मजिस्ट्रेट ने उसके बयान दर्ज किए। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि युवती ने अपने बयान में बताया है कि वह एमजी रोड के फुटपाथ पर ही रहती थी। ई रिक्शा चलाती थी। रात को भगवान टाकीज फ्लाइओवर या हरीपर्वत चौराहा के पास फुटपाथ पर सो जाती थी। शनिवार दोपहर भगवान टाकीज के पास रहने वाले गनेश और मोहन उसे बाइक से साथ ले गए थे। उन्होंने कहा था कि वे घर ले जाकर कुछ खिलाएंगे। उन्होंने शराब पिला दी और नशीली गोलियां भी खिला दी। शाहगंज में चावल खाए थे। इसके बाद उसको थप्पड़ भी मारे। बाद में उसे ध्यान नहीं है कि वह कैसे अचेत हो गई। युवती के हाथ पर गनेश लिखा है। इससे पुलिस को उसकी बात पर भरोसा हुआ। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर रविवार शाम को गनेश को हिरासत में ले लिया। उसके साथी की तलाश की जा रही है। गनेश ने पूछताछ में अभी तक यह नहीं कुबूल किया है कि वह युवती को अपने साथ ले गया था। मगर, उसके वहां जाने की पुष्टि सीसीटीवी कैमरे से हो रही है। एसएसपी का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज कराने के साथ ही मेडिकल कराया गया है। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। स्लाइड का परीक्षण कराया जा रहा है। अभी तक की जांच में नशे की आेवरडोज से तबियत बिगड़ने की बात सामने आ रही है। युवती को अभी वेंटीलेटर पर रखा गया है। आरोपितों के खिलाफ जगदीशपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
फीरोजाबाद की रहने वाली है
युवती खुद को फीरोजाबाद की रहने वाली बता रही है। उसका कहना है कि माता-पिता की माैत हो चुकी है। उसके चाचा फीरोजाबाद में रहते हैं। मगर, अभी तक उसने अपना मोहल्ला नहीं बताया है। पुलिस उसके मोहल्ले के बारे में परिचितों से जानकारी कर रही है।
मुंह बोली बहन ने दी जानकारी
पीड़िता ने होश आने पर पुलिस को बताया कि उसकी दो बहन आगरा में रहती हैं। दोनों के नाम बताए। उसने बताया कि एक बहन हरीपर्वत चौराहा पर फुटपाथ पर ही रहती है। जबकि दूसरी बहन प्रभु टाकीज के पास रहती है। पुलिस ने हरीपर्वत चौराहा पर रहने वाली युवती नाम के आधार पर ट्रैस कर ली। उससे पूछताछ की गई । युवती ने बताया कि पीड़िता उसे मुंह बोली बहन मानती है। वह तो टेढ़ी बगिया की रहने वाली है। सात वर्ष पहले उसकी शादी हो चुकी है। बच्चे भी उसके साथ रहते हैं। पीड़िता उसे मुंह बोली बहन मानती है। तीन वर्ष पहले वह फुटपाथ पर आई थी। अब वह रात को साथ में ही सो जाती है। पुलिस ने प्रभु टाकीज के पास रहने वाली बहन के बारे में जानकारी की। मगर, अभी तक उसके बारे में जानकारी नहीं हो सकी है।
दोपहर में दिखी थी दिल्ली गेट पर
पीड़िता के बारे में जानकारी करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास स्मार्ट सिटी के तहत लगवाए गए साीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी। घरों के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग भी देखी गई। मगर, इनसे कुछ पता नहीं चला। लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोपहर एक बजे वह दिल्ली गेट पर आई थी। इसके बाद वह कहां गई थी? किसी को नहीं पता।
उम्र की जांच को कराएं मेडिकल
महफूज संस्था के नरेश पारस का कहना है कि वे पीड़िता से मिलने एसएन मेडिकल कालेज गए थे। वह आक्सीजन सपेार्ट पर थी। हाथ पर कट लगा था। बार-बार उल्टियां हो रही थीं। वह देखने में नाबालिग लग रही है। ऐसे में उसके बयानों को कैसे माना जा सकता है। पुलिस को उम्र की जांच को उसका मेडिकल कराना चाहिए। हो सकता है कि वह अपनी उम्र छिपा रही हो। नाबालिग को शराब पिलाना भी कानूनन अपराध है।
मुंह बोली बहन के बेटी के जन्मदिन में गई थी
पीड़िता की मुंह बोली बहन की बेटी का शुक्रवार को जन्मदिन था। वह रात को जन्मदिन में शामिल हुई थी। जिन कपड़ों को पीड़िता पहने मिली है। वह कपड़े भी जन्मदिन वाली शाम को ही उसने खरीदकर पहने थे।