पूरी हुई आस, केदारनगर में पहुंचा गंगाजल, लोगों ने किया पूजन
बी ब्लॉक के लोगों ने गंगाजल पहुंचने पर नल का किया पूजन, डेढ़ माह पूर्व घरों में हुआ था पानी का कनेक्शन, अभी तक सबमर्सिबल ही था सहारा
आगरा, जागरण संवाददाता। केदारनगर बी ब्लॉक निवासी दीपा देवी, लीना खुश हैं। वजह भी है। कई सालों से गंगाजल की आस लगाए बैठी थीं। गुरुवार सुबह उनकी मुराद पूरी हो गई। गंगाजल की आपूर्ति चालू हो गई। दीपा और लीना अकेली नहीं हैं बल्कि पांच सौ से अधिक घर ऐसे हैं। जहां गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गई है, जो घर बचे हैं। वहां इसी माह तक गंगाजल पहुंच जाएगा।
आगरा शहर की प्यास बुझाने के लिए पालड़ा फाल बुलंदशहर से आगरा तक 130 किमी लंबी गंगाजल लाइन बिछाई गई है। सिकंदरा वाटरवर्क्स से 74 एमएलडी गंगाजल और इतनी ही यमुना जल की आपूर्ति की जा रही है। पांच माह पूर्व केदारनगर क्षेत्र में पानी का कनेक्शन लेना शुरू हुआ था। अब तक पांच सौ के करीब घरों में कनेक्शन हो चुके हैं। मुख्य लाइन से सब लाइन को नहीं जोड़ा गया था। गुरुवार को लाइन जोड़ने का काम पूरा हुआ। बी ब्लॉक में पानी पहुंचने पर लोगों ने खुशी मनाई। महिलाओं ने नल का पूजन किया और फिर मिठाई बांटी गई। केदारनगर वेलफेयर सोसाइटी के उप सचिव नानक चंद ने बताया कि गंगाजल की लाइन की खातिर कई बार प्रदर्शन किया जा चुका है। विधायक योगेंद्र उपाध्याय से भी शिकायत की गई। अब तक पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
दर्जनभर क्षेत्रों में नहीं आया पानी
गुरुवार शाम पुराने शहर के दर्जनभर क्षेत्रों में पानी नहीं आया। इसमें काला महल, गधापाड़ा, बेलनगंज, बालूगंज, सुभाष बाजार, मंटोला व उसके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। शिकायत के बाद भी जल संस्थान ने पानी के टैंकर नहीं भेजे।