गंगा यात्रा के स्वागत को गजब का उत्साह, घाट पर स्वागत को उमड़े लोग Agra News
बदायूं जनपद से होते हुए कासगंज के लहरा गंगा घाट पर पहुंची यात्रा। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना रहे मौजूद।
आगरा, जागरण संवाददाता। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद हवा ठंडी है। बादल छाए रहने के बीच हल्की बूंदाबांदी हो रही है। उसके बाद भी लोगों में गजब का उत्साह है। गंगा के लहरा घाट पर पहुंची गंगा यात्रा का स्वागत करने को हजारों की संख्या में लोग मौजूद हैं। बारिश में भीगते हुए भी जोश भरपूर है। स्कूली छात्र-छात्राएं भी बैंड के साथ इस यात्रा के आगमन पर आयोजित समारोह में शामिल हैं।
कासगंज में गंगा यात्रा के स्वागत की वृहद स्तर पर तैयारियां की गई हैं। बुधवार को बारिश के बावजूद गंगा घाटों पर स्वागत को पहुंचे लोगों का जमावड़ा है। यात्रा को दोपहर एक बजे के बाद बदायूं जनपद से होते हुए लहरा गंगा घाट पर पहुंचना था लेकिन मौसम खराब होने की वजह से विलंब हुआ। गंगा यात्रा यहां दोपहर करीब तीन बजे पहुंची। यात्रा के आगमन पर जोशीला स्वागत किया गया। मार्ग में जगह-जगह स्काउट्स और ग्रामीणों ने बैंड की धुन के साथ फूल बरसाए।
इस अवसर पर गंगा किनारे के गांव में पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना मंत्री सुरेश खन्ना ने सभी को गंगा मां को साफ सुथरा रखने और स्वच्छता अभियान में योगदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए जमीनी स्तर से काम किया है और कार्य में स्वच्छता के साथ साथ खर्च में भी पारदर्शिता बरती है, जबकि पूर्व की सरकारों ने गंगा सफाई के नाम पर गंगा को गंदा ही नहीं किया बल्कि खर्च में घपला कर गंदगी फैलाई।
इस दौरान सांसद राजवीर सिंह, प्रभारी मंत्री अनिल शर्मा, विधायक देवेंद्र प्रताप, विधायक देवेंद्र राजपूत व ममतेश शाक्य, जिलाधिकारी सीपी सिंह, पुलिस अधीक्षक सुशील घुले सहित सभी अधिकारी गंगा घाट पर मौजूद रहे।