इंतजार खत्म, दो से तीन दिन में पहुंचेगा आपके घर में गंगाजल
13 वर्षों के इंतजार के बाद शहर को मिला है गंगाजल। सिकंदरा वाटर वक्र्स में हो रही है क्लीनिंग।
आगरा, जागरण संवाददाता। लंबे इंतजार के बाद सिकंदरा स्थित पुराने वाटरवक्र्स में गंगा जल की आपूर्ति शुरू हो गई है। आगामी तीन से चार दिनों तक कच्चे पानी का शोधन किया जाएगा। संभवत: 15 दिसंबर के आसपास आधे शहर में जलापूर्ति हो सकती है।
सोमवार का दिन शहर के लिए खुशखबरी लेकर आया। कई वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार कालिंदी के किनारे बसे शहर की प्यास बुझाने के लिएं भागीरथी का जल भी आ गया है। वैसे तो गंगाजल की शहर में आमद नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही हो गई थी। आगरा शहर की प्यास बुझाने के लिए बुलंदशहर से लेकर आगरा तक 130 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई थी। जिसके माध्यम से नवंबर के अंतिम सप्ताह में सिकंदरा स्थित पुराने वाटरवक्र्स गंगा का जल पहुंचा था। गंगाजल की क्लीनिंग के बाद यमुना में उसे छोड़ दिया गया था। अब रविवार की रात गंगाजल वाटरवक्र्स में फिर पहुंचा। यहां तीन से चार दिन इसकी फिर से क्लीनिंग होगी। बताया जा रहा है कि 15 दिसंबर के बाद कमला नगर, दयालबाग सहित आधे शहर में गंगाजल की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
सबसे पुराना वाटर वक्र्स गंगाजल से हुआ शुद्ध
शहर का सबसे पुराना वाटर वक्र्स है सिकंदरा वाटर वक्र्स। 2014 में इसे बंद कर दिया गया था। फिर चार वर्ष तक जल निगम द्वारा इसका जीणोद्धार कराया गया। कुछ दिन पहले ट्रायल के रूप में इसे चालू किया गया था, जोकि सफल रहा। सिकंदरा वाटर्र वक्र्स की क्षमता 144 एमएलडी है। इसके माध्यम से शहर को 144 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति आधे शहर के घरों में सीधे होगी।
13 वर्षों का इंतजार हुआ खत्म
आगरा शहर में वर्ष 2005 में गंगाजल प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार हुआ था। तब इस प्रोजेक्ट की कीमत 387 करोड़ रूपया थी। वर्तमान में इस प्रोजेक्ट की कीमत 3000 करोड़ रुपए है।