50 को 250 कर ताजमहल पर पर्यटकों को कुछ ऐसे टोपी पहना गया लपका Agra News
महाराष्ट्र के रामगढ़ से आए परिवार को 250 की जगह 50 रुपये वाले टिकट थमाए। पर्यटकों को मुख्य मकबरे पर ऊपर जाने से रोके जाने पर हुई जानकारी दी तहरीर।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल में मंगलवार को लपके ने स्वयं को गाइड बताकर महाराष्ट्र के रामगढ़ से आए परिवार को ठग लिया। परिवार को 250 रुपये के बजाय 50 रुपये वाले टिकट थमा दिए। पर्यटकों को स्मारक में छोड़कर भाग आया। मुख्य मकबरे पर जाने से रोके जाने पर पर्यटकों को ठगे जाने की जानकारी हुई। पर्यटकों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही है।
महाराष्ट्र के रामगढ़ निवासी बैजनाथ परिवार के साथ मंगलवार दोपहर ताजमहल देखने पहुंचे थे। टिकट विंडो पर भीड़ अधिक थी। इसी दौरान उनके पास आए युनूस ने स्वयं को गाइड बताते हुए टिकट जल्दी दिलाने की बात कही। उन्होंने 250 रुपये वाली सात टिकट खरीदने को उसे 1500 रुपये दे दिए। बाकी रुपये बाद में देने की बात कही। युनूस उनके साथ स्मारक में गया। मुख्य मकबरे के पास चमेली फर्श पर दूसरा क्लाइंट आने की बात कहकर वो वहां से चला गया। मुख्य मकबरे पर ऊपर जाने को पर्यटक चमेली फर्श पर पहुंचे तो वहां टिकट देखने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया। युनूस ने टिकट पर चालाकी से 50 रुपये के आगे 2 लिखकर उन्हें 250 रुपये कर दिया था। लपके की ठगी का शिकार होने से पर्यटक मुख्य मकबरे का दीदार नहीं कर सके। उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। बैजनाथ ने युनूस के खिलाफ तहरीर दी। पुलिसकर्मियों ने पर्यटकों द्वारा उपलब्ध कराए गए युनूस के नंबर पर संपर्क किया, लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में फोन स्विच्ड ऑफ हो गया। इंस्पेक्टर पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि युनूस के खिलाफ तहरीर मिली है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
अलग है मुख्य मकबरे का टिकट
ताज में मुख्य मकबरे का 200 रुपये का टिकट देसी और विदेशी सैलानियों के लिए अलग से लागू है। भारतीय 50 रुपये और विदेशी 1100 रुपये के टिकट पर स्मारक में प्रवेश तो पा सकते हैं, लेकिन मुख्य मकबरे पर ऊपर नहीं जा सकते हैं। इसके चलते मुख्य मकबरे को देखने के इच्छुक भारतीयों को 250 रुपये और विदेशियों को 1300 रुपये का टिकट लेना होता है।